इंडिया Vs इंग्लैंड: बुमराह आखिरी दोनों टेस्ट खेलेंगे, पंत भी फिट; 23 जुलाई से मैनचेस्टर टेस्ट, इंग्लैंड टीम में बशीर की जगह डॉसन शामिल
Published: Updated:
3 min read

जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत दोनों मैनचेस्टर टेस्ट के लिए तैयार हैं। (सोशल मीडिया)
इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट की सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाएगा। इससे पहले फैन्स के लिए अच्छी खबर आई है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत इस मुकाबले में खेलते नजर आएंगे। बुमराह बाकी बचे दोनों टेस्ट खेलेंगे।
यह जानकारी स्काई स्पोर्ट्स की रिपोर्ट में दी गई है। इंग्लैंड टीम में भी एक बदलाव है। ऑफ स्पिनर शोएब बशीर की जगह लेफ्ट आर्म स्पिनर लियाम डॉसन को शामिल किया गया है। बशीर लॉर्ड्स टेस्ट में इंजर्ड हो गए थे। उनके लेफ्ट हैंड की उंगली में फ्रेक्चर है। भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर एंडरसन-सचिन ट्रॉफी के तहत 5 टेस्ट की सीरीज खेल रही है।
बुमराह खेलेंगे मैनचेस्टर टेस्ट
शुरुआती 3 टेस्ट के बाद इंग्लैंड ने सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। ऐसे में टीम इंडिया के लिए आखिरी दोनों टेस्ट काफी अहम हो जाते हैं। सीरीज से ठीक पहले टीम मैनेजमेंट ने कहा था कि वर्कलोड के चलते बुमराह सिर्फ 3 टेस्ट ही खेल पाएंगे। बुमराह ने भी कहा था कि वे दूसरा और चौथा टेस्ट नहीं खेलेंगे।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सीरीज में 1-2 से पिछड़ने के बाद अब बुमराह आखिरी दोनों टेस्ट खेलने के लिए तैयार हो गए हैं। तीसरा टेस्ट हारने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने भी बुमराह के खेलने को लेकर कहा था- ‘आपको जल्दी ही पता चल जाएगा।’ यानी साफ था कि बुमराह और मैनेजमेंट के बीच बात चल रही थी।

इंग्लैंड ने मैनचेस्टर टीम में एक चेंज किया है। शोएब बशीर की जगह लियाम डॉसन (तस्वीर में) को शामिल किया गया है। डॉसन लेफ्ट आर्म स्पिनर हैं और पहले भी इंग्लैंड की टेस्ट स्क्वॉड का हिस्सा रह चुके हैं। (फाइल)
ऋषभ पंत को तीसरे टेस्ट में चोट लगी थी
दूसरी खबर तीसरे टेस्ट में चोटिल हुए ऋषभ पंत को लेकर आई है। रिपोर्ट के मुताबिक पंत भी चौथे टेस्ट के लिए पूरी तरह फिट हो गए हैं। दरअसल, लॉर्ड्स टेस्ट में विकेटकीपिंग के दौरान कैच पकड़ते समय उंगली में चोट लगी थी। उन्होंने फिर पूरे मैच में विकेटकीपिंग नहीं की थी। हालांकि बैटिंग जरूर की थी।
बुमराह और पंत दोनों ही इस सीरीज में जबरदस्त फॉर्म में हैं। बुमराह ने सिर्फ दो टेस्ट खेले, जिसमें 12 विकेट लिए। वे सीरीज में दूसरे टॉप विकेट टेकर हैं। बुमराह ने दो पारियों में 5-5 विकेट भी लिए। जबकि पंत ने 3 टेस्ट की 6 पारियों में दूसरे सबसे ज्यादा 425 रन बनाए हैं। उन्होंने पहले टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाए थे। जबकि अगले 2 टेस्ट में दो फिफ्टी लगाईं।

