पहले मेरा फोन वापस दो: मो. रिजवान का जांच एजेंसी को लिखित जवाब, कहा- बताओ कि मुझसे क्या पूछना चाहते हो
Published:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बैटर मोहम्मद रिजवान नेशनल सायबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) के सामने पेश नहीं हुए।
यह जानकारी पाकिस्तानी चैनल ‘जियो न्यूज’ ने अपनी स्पेशल रिपोर्ट में मंगलवार देर शाम दी। चलिए इस मामले पर तफ्सील से जानकारी हासिल करते हैं...
सच क्या…किसी को नहीं पता
- इस रिपोर्ट में बताया गया है कि मोहम्मद रिजवान का फोन लंदन में उनसे दूसरे टेस्ट के बाद लिया गया था और उसे अब तक वापस नहीं किया गया है। इस खुलासे के बाद मामला और उलझ गया है।
- दरअसल, पिछले दिनों और खासकर इंग्लैंड टूर के वक्त पाकिस्तानी मीडिया ने रिपोर्ट किया था कि इमाम उल हक, मोहम्मद रिजवान और सलमान अली आगा के फोन PCB और ICC के अफसरों ने लिए थे और इनसे डेटा ट्रांसफर किया गया था। हालांकि, बाद में ये फोन प्लेयर्स को वापस कर दिए गए।
- अब अगर जियो न्यूज की मानें तो रिजवान को उनका फोन वापस नहीं किया गया है। यानी ये अब भी PCB और NCCIA के कब्जे में है।

सवाल के जवाब में सवाल
रिपोर्ट के मुताबिक- रिजवान को मंगलवार को दूसरी बार पूछताछ के लिए बुलाया गया था। हालांकि, उन्होंने एजेंसी के सामने पेश होने से इनकार कर दिया और वकील के जरिए लिखित जवाब किया।
- रिपोर्ट में आगे कहा गया- रिजवान ने NCCIA से कहा है कि वो पहले ये बताए कि उसके सवाल क्या हैं और डिसिप्लिनरी एक्शन का क्या मामला है। इसके बाद वो पेश होने पर विचार करें। इसके पहले उन्हें उनका फोन वापस किया जाए।
- कहा जाता है कि NCCIA ने रिजवान का फोन वापस करने से फिलहाल इनकार कर दिया है। इसके अलावा जांच एजेंसी ने इस प्लेयर को दूसरा समन किया है। रिजवान को 17 सितंबर तक पेश होने का वक्त दिया गया है।

रिजवान फोन नहीं देना चाहते थे
- रिपोर्ट्स के मुताबिक- रिजवान पर शिकंजा ज्यादा तेजी से कसा जा रहा है। दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि दूसरे टेस्ट के खत्म होने के बाद जब पाकिस्तानी टीम होटल पहुंची तो रिजवान और इमाम लॉबी में ही रुक गए थे।
- कहा जाता है कि इन दोनों को PCB और ICC के अफसरों ने लॉबी में रुकने को कहा था। इसके कुछ देर बाद दोनों प्लेयर्स से उनके फोन मांगे गए। इमाम ने हालात को देखते हुए फोन दे दिया पर रिजवान ने ऐसा नहीं किया।
- बताया जाता है कि रिजवान काफी देर तक PCB और ICC के अफसरों से बहस करते रहे। उन्होंने कथित तौर पर कहा था- मेरा फोन मेरी पर्सनल डिवाइस है। आपको इसकी क्या जरूरत है? इसके बाद जब PCB और ICC की टीम ने सख्ती दिखाई तो मजबूरी में रिजवान को फोन देना पड़ा।

ड्रेसिंग रूम लीक …कौन जिम्मेदार
- पाकिस्तान और वर्ल्ड मीडिया में इस मामले को लेकर कई तरह की बातें चल रही हैं। कुछ पूर्व क्रिकेटर्स का कहना है कि मामलात ड्रेसिंग रूम में बिगड़े और यहां की तमाम बातें इमाम और रिजवान ने लाहौर के कुछ जर्नलिस्ट्स को वॉट्सअप के जरिए बताईं।
- इस मामले में एक सीनियर स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और एक क्रिकेटर (तनवीर अहमद) का नाम भी सामने आ रहा है। तनवीर ने हमेशा बाबर को सपोर्ट किया है और वो बाबर को कई बार विराट कोहली से कम्पेयर करते रहे हैं। तनवीर ने हाल ही में कहा था- अगर बाबर को विराट जितनी क्रिकेट खेलने मिलती तो उसका रिकॉर्ड शायद ज्यादा बेहतर होता।
- पाकिस्तान की नेशनल सायबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) ने अब तक इस मामले पर कुछ नहीं कहा है। हालांकि, पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने साफ कहा था- मामला खेल से अलग भी कुछ है। वक्त पर सभी चीजें साफ हो जाएंगी।

