इनसाइड स्टोरी: छत्तीसगढ़ के लड़के के पास कोहली-डिविलियर्स के कॉल आए; रजत पाटीदार की सिम मनीष के पास कैसे पहुंची, गलती किसकी
Published:
3 min read

रजत पाटीदार (बाएं) IPL 2025 की बिनर RCB के कप्तान हैं। दाईं तरफ मनीष बिसी हैं। इसके पास ही रजत की सिम मिली है। (फाइल)
गरियाबंद ( छत्तीसगढ़ ) जिले के मदगांव के मनीष बिसी नाम के एक युवक ने शायद ही सोचा होगा की एक सिम कार्ड खरीदना उसकी जिंदगी में इतना बड़ा बदलाव ले आएगा। देवभोग के एक मोबाइल दुकानदार से खरीदा गया जियो का यह सिम दरअसल क्रिकेटर रजत पाटीदार का पुराना नंबर था। देखते ही देखते मनीष इस अनोखी और फिल्मी सी लगने वाली घटना का हिस्सा बन गया। उसे विराट कोहली और एबी डिविलियर्स जैसे खिलाड़ी कॉल करने लगे।
स्टेप बाय स्टेप : इसी एपीसोड को समझिए
28 जून 2025....। मनीष ने एक नया सिम खरीदा। दोस्त खेमराज के साथ उसने वॉट्सअप इंस्टॉल किया। प्रोफाइल फोटो में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार की फोटो दिखाई दी। दोनों ने सोचा शायद कोई टेक्निकल प्रॉब्लम है। लेकिन फिर फोन आने लगे। कोई खुद को विराट कोहली बता रहा था तो कोई एबी डिविलियर्स और यश दयाल...।
कहानी में मोड़ तो तब आया जब 15 जुलाई को खुद रजत ने फोन किया। कहा - भाई प्लीज मेरा सिम लौटा दो। मनीष और उसके दोस्त को लगा कि कोई उनके साथ मजाक कर रहा है, लेकिन जब पाटीदार ने सख्त लहजे में पुलिस भेजने की बात कही तो उन्हें यकीन होने लगा कि मामला कुछ और ही है। कुछ ही देर बाद पुलिस उनके घर पहुंची और सारा मामला साफ हो गया।
पॉलिसी लेवल पर कोई गलती नहीं
टेलिकॉम पॉलिसी के हिसाब से अगर कोई नंबर 90 दिन तक यूज नहीं होता तो उसे बंद कर नए कस्टमर को दे दिया जाता है। यही मनीष के साथ हुआ। मनीष को सच में उन क्रिकेटरों के कॉल आ रहे थे जो पाटीदार के कॉन्टैक्ट लिस्ट में थे। रजत ने मध्य प्रदेश साइबर सेल को बताया कि उनका पुराना नंबर किसी और को अलॉट हो गया है और वह नंबर वापस चाहिए। इसके बाद एमपी साइबर सेल ने गरियाबंद पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने मनीष और उनके परिवार से बात की और उनकी सहमति से वह सिम पाटीदार को लौटा दिया गया। इसमें किसी की गलती नहीं थी, यह केवल नॉर्मल टेलिकॉम प्रोसेस का नतीजा था।
विराट के कहा- तुम रजत का नंबर क्यों यूज कर रहे
खेमराज, जो विराट का बड़ा फैन है, खुश होकर बोला - मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि अपने गांव में बैठकर कोहली से बात करुंगा। जब एबी डिविलियर्स का फोन आया तो उन्होंने इंग्लिश में बात की, जो हम समझ नहीं पाए, लेकिन हम बेहद खुश थे। जब मनीष को कॉल आती, तो वह मुझे फोन थमा देता। विराट और यश दयाल कह रहे थे कि हम पाटीदार का नंबर क्यों इस्तेमाल कर रहे हैं। हमने उन्हें बताया कि हमने नया सिम खरीदा है और अब यह हमारा नंबर है।
मनीष के भाई देशबंधु ने कहा
हमारे गांव के ज्यादातर लोग RCB के फैंस हैं। विराट और डिविलियर्स से बात करना किसी सपने जैसा है। भले ही यह सब एक गड़बड़ी की वजह से हुआ हो, लेकिन हमने उनसे सच में बात की ये हमारे लिए किसी सपने से कम नहीं।

