2023-24 में BCCI का रेवेन्यू 9741.7 करोड़: IPL से हुई सबसे ज्यादा 59% कमाई; 30 हजार करोड़ के रिजर्व पर मिला 1 हजार करोड़ का इंटरेस्ट
Published:
2 min read

IPL 2025 सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने खिताब जीता था। (BCCI)
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 2023-24 फाइनेंशियल ईयर में बम्पर कमाई की है। द हिंदू बिजनेस लाइन ने रेडिफ्यूजन के हवाले से बताया कि बोर्ड का रेवेन्यू 9741.7 करोड़ रुपये का रहा। इसमें सबसे ज्यादा 59 प्रतिशत कमाई इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI के रेवेन्यू में IPL का योगदान 5,761 करोड़ रुपये है। वर्ल्ड क्रिकेट में BCCI सबसे अमीर बोर्ड भी है। IPL के अलावा उसकी कमाई ब्रॉडकास्टिंग राइट्स, इंटरेस्ट और एडवर्टाइजमेंट से भी होती है।
रिजर्व हर साल करीब 10-12 प्रतिशत बढ़ रहा
रेडिफ्यूजन के प्रमुख संदीप गोयल ने कहा कि BCCI के पास रेवेन्यू बढ़ाने के लिए IPL के अलावा रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी और सीके नायडू ट्रॉफी जैसे कई टूर्नामेंट हैं। बस इनका बिजनेस के तौर पर इस्तेमाल करने की जरूरत है। बोर्ड ऐसा कभी भी कर सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार इंटरनेशनल टूर्नामेंट्स के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स समेत मीडिया राइट्स (IPL को छोड़कर) की बिक्री से 361 करोड़ रुपये का रेवेन्यू आया है। इसके अलावा BCCI के पास अभी करीब 30 हजार करोड़ का रिजर्व है।
इसके इंटरेस्ट से इस साल लगभग एक हजार करोड़ रुपये की कमाई हुई। यह रिजर्व हर साल करीब 10-12 प्रतिशत बढ़ रहा है। ऐसे में इसके इंटरेस्ट से होने वाली स्थायी कमाई भी बढ़ने की उम्मीद है।
2008 से 2025 तक IPL का रेवेन्यू 43 गुना बढ़ा
इस साल IPL के बीच में ऑपरेशन सिंदूर भी चला था। इस कारण लीग को थोड़े समय के लिए रोकना पड़ा था। मगर फैन्स की दीवानगी जरा भी कम नहीं हुई। कुछ ही दिन में IPL फिर शुरू हुआ और एक बार फिर इसने अपना रोमांच बनाया। IPL का पहला सीजन 2008 में हुआ था, तब से अब तक लीग दिन-ब-दिन बढ़ती ही गई। इसका रेवेन्यू भी लगातार बढ़ता गया।
2008 से 2025 तक IPL का रेवेन्यू 43 गुना बढ़ा है। 2022-23 फाइनेंशियल ईयर में सबसे बड़ी उछाल देखने को मिली थी। रिपोर्टस की मानें तो 2025-26 में यह रेवेन्यू 17 हजार करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। इसमें डिजिटल एडवर्टाइजमेंट सबसे बड़ी भूमिका निभाएगा।

