पश्चिम बंगाल में TMC नेता की हत्या: सिर में पीछे से मारी गोली, 3 दिन में ममता बनर्जी की पार्टी के तीन नेताओं की हत्या
Published:
2 min read

बीरभूम में श्रीनिधिपुर पंचायत अध्यक्ष पीयूष घोष की हत्या (फाइल फोटो)
पश्चिम बंगाल में बीरभूम के सैंथिया में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। राज्य में तीन दिन में सत्ताधारी पार्टी के तीन नेताओं की हत्या हुई है।
पीयूष घोष (42) श्रीनिधिपुर पंचायत के अध्यक्ष थे। उनका शव कोमारपुर गांव में अपने घर से 500 मीटर की दूरी पर मिला। परिजनों ने बताया कि घोष को शनिवार रात 11 बजे एक कॉल आया था। इसके बाद वे बाइक से घर से निकल गए। पुलिस ने बताया कि घोष को पीछे से सिर में गोली मारी गई और यह माथे से बाहर निकली।
टीएमसी कार्यकर्ता समेत 3 हिरासत में
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट ने स्थानीय सूत्रों के हवाले से बताया कि घोष क्षेत्र के एक प्रभावशाली नेता थे। उनका राजनीतिक महत्व रेत के व्यवसाय के साथ-साथ बढ़ता गया। घोष की हत्या के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए संदिग्धों में टीएमसी कार्यकर्ता मौसमी माल भी हैं, वे घोष की हत्या वाली जगह के नजदीक ही रहती हैं।
दो दिन में दो और टीएमसी नेताओं की हत्या
पीयूष घोष की हत्या ऐसे वक्त पर हुई, जब टीएमसी के दो नेताओं की भी हत्या की गई। रज्जाक खान (38 साल) की गुरुवार को 24 परगना में हत्या कर दी गई थी। वे टीएमसी ब्लॉक अध्यक्ष और कैनिंग ईस्ट से विधायक शौकत मोल्ला के करीबी थे। इसके अगले ही दिन मालदा जिले के इंग्लिश बाजार पुलिस स्टेशन एरिया में टीएमसी नेता अबुल कलाम आजाद की हत्या कर दी गई। आरोप है कि आजाद की हत्या में राजनीतिक सहयोगी का ही हाथ है।

