छांगुर बाबा को इस्लामिक देशों से मिले 500 करोड़: सबसे ज्यादा खर्च अयोध्या में किया; 15 साल से रच रहा था धर्मांतरण का खेल
Published:
3 min read

यूपी के बलरामपुर के रहने वाले जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा को 5 जुलाई को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया।
यूपी के बलरामपुर धर्मांतरण मामले में आरोपी छांगुर बाबा पर बड़ा खुलासा हुआ है। छांगुर को पिछले 3 साल में 500 करोड़ रुपए की विदेशी फंडिंग मिली थी। इन पैसों का इस्तेमाल वो अवैध तरीके से कन्वर्जन के लिए करता था। ये पैसे उसे इस्लामिक कंट्रीज और नेपाल के जरिए मिलते थे।
छांगुर बाबा पिछले 15 साल से धर्मांतरण का खेल रच रहा था। उसके निशाने पर गैर मुस्लिम महिलाएं थीं। उसने सबके लिए रेट भी फिक्स किया था।
इस्लामिक देशों से पैसे आते थे
अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, छांगुर बाबा के पास पाकिस्तान, UAE, सऊदी अरब और तुर्किए जैसे इस्लामिक देशों से पैसे आते थे। ये पैसे पहले नेपाल में आते थे।फिर नेपाल में बैठे छांगुर बाबा के एजेंट्स इन पैसों को बॉर्डर से सटे जिलों में पहुंचाते थे। इस प्रोसेस में एजेंट्स को 4 से 5% कमीशन मिलता था।
500 करोड़ रुपए बाहर से आए
सुरक्षा एजेंसियों ने 500 करोड़ में से 200 करोड़ रुपए की ट्रैकिंग कर ली है। अनुमान है कि बाकी के 300 करोड़ नेपाल के रास्ते छांगुर बाबा के नेटवर्क तक अलग-अलग तरीकों से पहुंचाए गए।

सबसे ज्यादा पैसा अयोध्या में खर्च किया
रिपोर्ट्स के मुताबिक, छांगुर बाबा ने इन पैसों का इस्तेमाल यूपी के कई जिलों में कन्वर्जन रैकेट चलाने के लिए इस्तेमाल किया था। इसमें सबसे ज्यादा पैसा उसने अयोध्या में खर्च किया था।
2023 में बिहार से पकड़े गए एक एजेंट ने भी ऐसे ही नेटवर्क की जानकारी दी थी, लेकिन तब इसे गंभीरता से नहीं लिया गया था।
5 जुलाई को गिरफ्तार हुआ
यूपी के बलरामपुर जिले के रहने वाले जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा को 5 जुलाई को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। छांगुर बाबा पर आरोप है कि उसने अपने नेटवर्क के जरिए हिंदू लड़कियों सहित बड़ी संख्या में लोगों को जबरन या प्रलोभन देकर इस्लाम कबूल कराया।
जांच में सामने आया कि छांगुर बाबा के गिरोह ने धर्मांतरण के लिए बाकायदा रेट लिस्ट भी बनाई थी। लड़कियों को शादी करने और धर्म परिवर्तन के एवज में 8 से 15 लाख रुपए दिए जाते थे। उसके नेटवर्क में मुंबई, पुणे, यूपी और नेपाल के लोग शामिल थे।
खुद को सूफी संत बताता था
छांगुर खुद को सूफी संत और पीर बाबा के रूप में दिखाता था। वो गरीब, सीधी-सादी और विधवा महिलाओं को शादी और आर्थिक मदद की लालच देकर जाल में फंसाता था। जांच में सामने आया है कि छांगुर बाबा और उसके सहयोगी 40 से ज्यादा बार इस्लामी देशों की यात्रा कर चुके हैं।
प्रशासन ने छांगुर बाबा के ठिकाने जमींदोज किए
यूपी ATS और ED इस मामले की बड़े लेवल पर जांच कर रही है। अब तक 40 से ज्यादा बैंक खातों की जानकारी मिल चुकी है। ED ने इन खातों के पिछले 10 साल के लेन-देन का ब्यौरा इनकम टैक्स डिपार्टमेंट से मांगा है।
प्रशासन ने बीते दिन छांगुर बाबा की 5 करोड़ में बनी कोठी पर बुलडोजर चलाया। उसके अवैध रूप से बने कॉलेज और मदरसे भी तोड़ दिए। छांगुर बाबा इन्हीं ठिकानों से अपना रैकेट चलाता था।

प्रशासन ने छांगुर के ठिकानों पर बुलडोजर चलवा दिया है।
मामला सामने कैसे आया
बीते कुछ समय से बलरामपुर में धर्मांतरण की खबरें आने लगी थीं। वहां से सटे नेपाल में भी ऐसे केसेज सुनने को मिले थे।
बाद में कुछ हिंदू संगठनों ने लोगों की 'घर वापसी' करानी शुरू की। ऐसे में कुछ महिलाएं अपनी आप-बीती सुनाने लगीं। तब जाकर इसमें छांगुर बाबा का नाम सामने आया।

