ऑपरेशन सिंदूर में कितने F-16 गिरे?: अमेरिका बोला- इस बारे में पाकिस्तान से पूछिए; भारत का दावा- हमने एक जेट गिराया
Published:
3 min read

ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने पाकिस्तान में स्थित आतंकी अड्डों को निशाना बनाया था। (फोटो-इंडिया टुडे)
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के कितने F-16 फाइटर जेट गिरे हैं? इस सवाल के जवाब में अमेरिका ने कहा कि यह सवाल पाकिस्तान से पूछना चाहिए। अमेरिका का यह बयान उस समय आया है, जब भारत ने पाकिस्तान के कम से कम एक F-16 गिरने की बात कही है।
पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान में स्थित आतंकी अड्डों को निशाना बनाया था। 7 मई से 10 मई के बीच भारत और पाकिस्तान के बीच 88 घंटे की बैटल हुई थी।
US के पास F-16 की सारी जानकारी
पाकिस्तानी एयरफोर्स US निर्मित F-16 फाइटर जेट ऑपरेट करती है। अमेरिका की टेक्निकल सपोर्ट टीम (TST) ही पाकिस्तान को F-16 से संबंधित टेक्निकल सपोर्ट देती है। टीम फाइटर जेट की 24/7 घंटे विमानों की मॉनिटरिंग और मेंटेनेंस करती है। US टेक्निकल टीम इस्लामाबाद और वाशिंगटन के बीच एग्रीमेंट के तहत काम करती है।
समझौते के तहत अमेरिका को पाकिस्तान के F-16 फाइटर जेट के बारे में पूरी जानकारी रखने का अधिकार है। इसके बावजूद अमेरिकी विदेश विभाग ने NDTV से बातचीत में कहा कि इस बारे में ज्यादा जानकारी पाकिस्तान से हासिल करनी चाहिए।
5 फाइटर जेट, 1 बड़ा एयरक्राफ्ट तबाह- IAF
9 अगस्त को एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने पाकिस्तान के फाइटर जेट को गिराने की पुष्टि की थी। उन्होंने कहा-ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने पाकिस्तान के 5 फाइटर जेट और 1 एयरक्राफ्ट गिराए थे। उन्होंने बेंगलुरु में एक इवेंट में कहा- हमारे एयर डिफेंस सिस्टम S-400 ने 300 किलोमीटर दूर से ही पाकिस्तानी एयरक्राफ्ट तबाह किए थे।
इंडियन एयर फोर्स चीफ ने कहा था कि शाहबाज जैकबाबाद एयरफील्ड पर बड़ा हमला किया गया था। यहीं पर F-16 रखे (हैंगर) हुए थे। हमले में आधा हैंगर खत्म हो गया था। मुझे यकीन है कि अंदर कुछ एयरक्राफ्ट भी डैमेज हुए थे।
पहलगाम हमला, जवाब में ऑपरेशन सिंदूर
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में पाकिस्तानी आतंकियों ने हमला किया था। आतंकियों ने टूरिस्ट्स से धर्म पूछकर उनकी हत्या कर दी थी। इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी। हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े ग्रुप TRF ने ली थी।
जवाब में 7 मई को भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' लॉन्च किया। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (POK) और दूसरे इलाकों में स्थित 9 आतंकी ठिकानों तबाह कर दिए। हमले में जैश ए मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर के परिवार के 10 लोग मारे गए। 100 से ज्यादा आतंकी ढेर हुए।
जवाब में पाकिस्तान ने भी भारत पर हमले की कोशिश की। हालांकि, उसके सारे हमले नाकाम रहे। 9 मई को भारत ने पाकिस्तान के कई मिलिट्री बेसेस पर मिसाइलें दागीं। हमले से घबराए पाकिस्तान ने जंग रोकने की गुहार लगाई। 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर हो गया।

