यूपी सरकार में मंत्री गुलाब देवी का एक्सीडेंट: सिर में गंभीर चोटें आईं; काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं
Published: Updated:
1 min read

गुलाब देवी।
यूपी सरकार में शिक्षा मंत्री गुलाब देवी का मंगलवार को एक्सीडेंट हो गया। उन्हें सिर में गंभीर चोट आई है। बताया जा रहा है कि वे सड़क मार्ग से दिल्ली से बिजनौर जा रही थीं। उनकी गाड़ी काफिले की ही पुलिस जीप से टकरा गई। गाड़ी के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एक्सीडेंट के बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें जल्दी से गाड़ी से बाहर निकाला। फिलहाल, गुलाब देवी को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
गाड़ियां आपस में टकराईं
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुलाब देवी के काफिले में चार से पांच गाड़ियां थीं। पहली गाड़ी ने ब्रेक लगाया, जिसकी वजह से पीछे की गाड़ियां स्लो हो गईं। गुलाब देवी XUV में सवार थीं। उनके आगे चल रही पुलिस की जीप भी अचानक रुकने लगी। इसी वजह से दोनों गाड़ियां आपस में भिड़ गईं।
यूपी बीजेपी की प्रमुख महिला नेताओं में होती है गिनती
गुलाब देवी यूपी सरकार में माध्यमिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं। सम्भल जिले की चंदौसी विधानसभा से कई बार की विधायक हैं। उनकी गिनती यूपी बीजेपी की प्रमुख महिला नेताओं में होती है।

