तिरूपति मंदिर बोर्ड ने अधिकारी को किया सस्पेंड: चर्च की प्रार्थना में हो रहा था शामिल, ईसाई धर्म के प्रचार का भी आरोप
Published:
2 min read

तिरूपति बालाजी मंदिर तिरूपति।
तिरूमाला तिरूपति देवस्थानम (TTD) ने अपने बोर्ड के असिस्टेंट एक्जीक्यूटिव ऑफिसर (AEO) ए. राजशेखर बाबू को सस्पेंड कर दिया है। आरोप है कि वह एक चर्च में प्रार्थना कर रहा था, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। TTD ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की है।
सस्पेंशन के खुलासे में सामने आया है कि ए राजशेखर बाबू तिरूपति जिले में हर रविवार को चर्च की प्रार्थना में शामिल होता है और वह ईसाई धर्म का प्रचार कर रहा था, यह हिंदू ट्रस्ट के नियमों का उल्लंघन है। मंदिर के अधिकारी ने बताया कि मंदिर के संज्ञान में आया है कि राजशेखर हर रविवार को अपने गृह तिरूपति जिले के पुत्तर में स्थानीय चर्च में प्रार्थना करने जाता है।
TTD का यह फैसला कर्मचारियों के नॉन हिंदू धार्मिक गतिविधियों में शामिल होने की कार्रवाई का हिस्सा है। इससे पहले TTD ने नॉन हिंदू 18 कर्मचारियों का ट्रांसफर दूसरे विभागों में किया था, जिसमें टीचर, टेक्निकल ऑफिसर्स, नर्सेस और अन्य ऑफिसर शामिल थे।
तिरूपति टीटीडी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के बयान के मुताबिक राजशेखर बाबू लगातार चर्च में प्रार्थना सभा में शामिल हो रहा था। TTD ने कहा कि यह TTD बोर्ड के नियमों का उल्लंघन है। राजशेखर एक हिंदू धार्मिक संगठन के कर्मचारी के रुप में नियमों का पालन करने में विफल रहा। उसने गैर जिम्मेदाराना तरीके से काम किया।
राजशेखर पर यह कार्रवाई TTD की विजिलेंस डिपार्टमेंट में रिपोर्ट सब्मिट करने के बाद की गई है। जिसमें राजशेखर के खिलाफ कई सबूत थे और चर्च में प्रार्थना करने का एक वीडियो भी शामिल था।

