राधिका यादव मर्डर केस: आरोपी पिता के कबूलनामे पर पुलिस को शक; लाखों कमाता था..फिर तानों की वजह से बेटी को क्यों मारा
Published:
3 min read

दीपक यादव ने 10 जुलाई को बेटी राधिका यादव की हत्या कर दी।
टेनिस प्लेयर राधिका यादव के पिता दीपक के बयान पर पुलिस को संदेह है। दीपक ने शुरुआती बयान में बताया कि उसने राधिका की हत्या सिर्फ इस वजह से की क्योंकि गांववाले उसे ताना देते थे कि वो बेटी की कमाई खाता है। हालांकि, गौर करने वाली बात यह है कि दीपक की महीने की कमाई लाखों में थी।
अब इस केस में नई बात सामने आई है। अब तक खबर थी कि राधिका यादव खुद की टेनिस एकेडमी चलाती थी। न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, वो टेनिस कोर्ट राधिका का नहीं था।
किराए पर था टेनिस कोर्ट
राधिका यादव टेनिस कोर्ट किराए पर लेकर खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देती थी। PTI के मुताबिक, गुरुग्राम पुलिस के एक जांच अधिकारी ने इसकी पुष्टि की। राधिका अलग-अलग जगहों पर ट्रेनिंग कोर्ट्स लेकर ट्रेनिंग देती थी। पुलिस का कहना है कि पिता दीपक यादव राधिका को ऐसा करने से रोकता था।
गुस्सैल स्वभाव का था दीपक
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस दीपक के कबूलनामे से संतुष्ट नहीं है। पुलिस को पता चला कि दीपक के महीने की कमाई लाखों में थी। वो बैंक का कर्मचारी भी रह चुका है। इसलिए उसे कोई ताने क्यों देगा। एक बात जरूर सामने आई है कि दीपक स्वभाव से काफी गुस्सैल था। उसे हर छोटी बात पर गुस्सा आ जाता था।
राधिका कि मां पर भी पुलिस को शक
इस मामले में राधिका की मां की गतिविधियां भी संदिग्ध हैं। उसने कहा कि हत्या वाले दिन वो फ्लैट में मौजूद जरूर थी, लेकिन उसने कुछ देखा नहीं था। वो बुखार से पीड़ित थी। हत्या के बारे में राधिका की मां को क्या पहले से कोई जानकारी थी, हरियाणा पुलिस इसकी जांच कर रही है।
गुनाह कबूल चुका है आरोपी पिता
दीपक ने कबूला है कि उसने 10 जुलाई की सुबह खाना बनाते वक्त राधिका की पीठ पर 4 गोली मारी। राधिका के चाचा कुलदीप यादव उसी बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं। जैसे ही उन्होंने गोली की आवाज सुनी वे तुरंत दीपक के फ्लैट पर पहुंचे। वहां उन्होंने खून में लथपथ राधिका को देखा। रिवॉल्वर ड्राइंग रूम में पड़ी थी। इसके बाद राधिका को कार से सेक्टर 56 के मारेंगो हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आत्महत्या की कोशिक कर चुका है दीपक
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, राधिका ने पिता के कहने पर अपना सोशल मीडिया अकाउंट भी बंद कर दिया था। दीपक राधिका को बार-बार टेनिस एकेडमी बंद करने के लिए प्रेशर बना रहा था। वो नहीं चाहता था कि उसकी बेटी खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देकर पैसे कमाए। हालांकि, राधिका इसे बंद करने को तैयार नहीं थी। पुलिस की अब तक की रिपोर्ट में यही बात सामने आई है कि राधिका और उसके पिता के बीच टेनिस एकेडमी को लेकर ही विवाद था।
बताया यह भी जा रहा है कि दीपक यादव ने राधिका की हत्या करने से पहले खुद आत्महत्या करने की कोशिश की थी।
इस घटना से जुड़ी यह स्टोरी भी पढ़ें..
पिता ने की टेनिस प्लेयर राधिका की हत्या: बोला- लोग ताने मारते थे..बेटी की कमाई खाता है

