हैदराबाद में 2 स्टूडेंट्स ने प्रिंसिपल की हत्या की: चाकू से 27 बार हमला; घर से ढ़ाई लाख लूटे, गोवा में पार्टियां की
Published:
3 min read

हत्या वाले दिन एक आरोपी मंकी कैप और गलब्स पहनकर घर में घुसा। उसे बेडरूम में ढ़ाई लाख रुपए लेकर भागने लगा। लेकिन उसकी मंकी कैप खिसक गई और रूपा रेड्डी ने उसे पहचान लिया। इसके बाद उसने चाकू से हमला कर दिया। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. तेलंगाना के नलगोंडा में पुलिस ने 48 साल की स्कूल प्रिंसिपल की हत्या केस का खुलासा किया है। पुलिस ने दो छात्रों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि उन्होंने कथित तौर पर पैसे और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लिए प्रिंसिपल की हत्या की साजिश की।
प्रिंसिपल का नाम कल्लु रूपा रेड्डी है, वह कोंडामल्लेपल्ली स्थित नागार्जुन पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल और डायरेक्टर थीं। 12 अगस्त की सुबह कोंडामाल्लेपल्ली में उनके घर पर उनका शव मिला था। उन्हें 27 बार चाकू मारे गए थे।
उनके पति हैदराबाद गए थे, जब प्रिंसिपल ने कॉल नहीं उठाया, तो उन्होंने पड़ोसियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने 5 टीमें बनाईं और CCTV फुटेज, फोरेंसिक सबूत, फिंगरप्रिंट, टेक्निकल डेटा और संदिग्धों की गतिविधियों की जांच की। साथ ही 80 से अधिक लोगों से पूछताछ की।
कैसे हुआ हत्या का खुलासा
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को जांच में पता चला कि प्रिंसिपल ने आखिरी बार अपनी मौसी से बात की थी। और फोन काटने से पहले उनकी मौसी ने आखिरी शब्द बाबू सुना था। सीनियर पुलिस अफसर शरथ चंद्र पवार ने बताया, हमने जांच की कि वह किसके बारे में बात कर रही थीं और इस तरह हमें स्कूल के छात्रों के इस केस में शामिल होने का पता चला।
मर्डर के बाद पार्टियां कर रहे थे आरोपी
पुलिस ने छात्रों से अलग-अलग पूछताछ की। पुलिस को 10वीं क्लास के 5 छात्र मिले जो स्कूल नहीं आ रहे थे। उन्हें पता चला कि उनमें से दो छात्र पिछले कुछ दिनों से काफी पैसे खर्च कर रहे थे और पार्टियां दे रहे थे। पवार ने बताया, बुधवार सुबह उन दो छात्रों को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के दौरान उन्होंने कबूल किया कि उन्होंने एक साजिश के तहत रूपा रेड्डी की हत्या की थी।

पुलिस ने बताया, प्रिंसिपल ने इन छात्रों को हॉस्टल के बैग में कैश और मोबाइल फोन मिलने के बाद फटकार लगाई थी। उन्होंने छात्रों के पेरेंट्स को सूचना दी थी और उन्हें हॉस्टल से हटाकर डे-स्कॉलर का दर्जा दे दिया था। पुलिस को शक है कि इस वजह से छात्र प्रिंसिपल से नाराज थे।
पहचान छिपाने के लिए खरीदे गलब्स
आरोपियों ने 5 दिनों तक चोरी की साजिश रची और उनके घर की रेकी की। उन्होंने एक चाकू और अपनी पहचान छिपाने के लिए गलब्स भी खरीदे। हत्या वाले दिन एक आरोपी मंकी कैप और गलब्स पहनकर घर में घुसा। उसे बेडरूम में 2.50 लाख रुपए मिले और वह भागने लगा। लेकिन उसकी मंकी कैप खिसक गई और रूपा रेड्डी ने उसे पहचान लिया। इस डर से कि वह उन्हें पहचान लेगी, उसने चाकू से हमला कर दिया।
यह खबर भी पढ़े-
हैदराबाद में ट्रेनी IPS ने सुसाइड की कोशिश की: महिला ट्रेनी अफसर ने लगाए थे हैरेसमेंट के आरोप
आईफोन सहित कैश बरामद
हत्या के बाद आरोपियों ने कैश ले लिया और खून से सने कपड़े और मंकी कैप को जमीन में दबाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। बताया जाता है कि वे गोवा भी घूमने गए थे। आरोपियों के पास से 1.54 लाख रुपए कैश, आरोपियों का खरीदा हुआ एक आईफोन और रूपा रेड्डी का फोन बरामद किया गया।

