तेजस्वी का मोदी पर तंज: कहा- सावन में मटन पार्टी देने वालों को PM सम्मानित कर रहे, ये कैसा दोहरापन
Published:
2 min read

ललन सिंह का मटन खिलाते फोटो वायरल हो गया था।
बिहार में JDU नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की मटन पार्टी को लेकर विवाद हो गया है। तेजस्वी यादव ने PM मोदी के बिहार दौरे के मद्देनजर उन पर तंज कसा। दरअसल, शुक्रवार को मोदी बिहार में हैं। तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि प्रधानमंत्री उन नेताओं को सम्मानित करेंगे जो सावन के पवित्र महीने में लोगों को मटन खिला रहे हैं।
ललन सिंह का मटन खिलाते फोटो वायरल
ललन सिंह ने गुरुवार को बिहार के लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा में मटन पार्टी दी थी। वे वहां ग्रामीण मंत्री अशोक चौधरी के साथ कई योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां लोगों के लिए भोज का आयोजन किया गया, जिसमें शाकाहारी और मांसाहारी दोनों की व्यवस्था थी। इसी बीच ललन सिंह का लोगों को मटन खिलाते फोटो वायरल हो गया।
सावन में मटन खिलाने वालों को PM सम्मानित कर रहे
फोटो सामने आते ही विपक्षियों ने इन्हें घेर लिया। तेजस्वी ने ANI से कहा कि PM मोदी को ललन सिंह से पूछना चाहिए कि उन्होंने सावन महीने में लोगों को मटन क्यों खिलाया। तेजस्वी ने PM के दौरे से पहले एक लंबा-चौड़ा ट्वीट किया। उसमें मुख्य रूप से उन्होंने मटन पार्टी का जिक्र किया।
उन्होंने लिखा- प्रधानमंत्री जी आज सावन में मटन पार्टी करने वाले नेताओं को मोतिहारी में मंच पर सम्मानित कर अपने आप को गौरवान्वित महसूस करेंगे। इसके अलावा अपने प्रवचनों के दोहरेपन का सावर्जनिक परिचय देंगे।
हजारों करोड़ के प्रोजेक्ट्स की सौगात, 4 अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के मोतिहारी पहुंचे। वहां उन्होंने लगभग 7200 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं का उद्घाटन किया। इन योजनाओं के जरिए चंपारण और आसपास के जिलों को बेहतर कनेक्टिविटी, नई ट्रेन सेवाएं और रोजगार के अवसर मिलेंगे।
PM ने चार अमृत भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई। PM मोदी कार्यक्रम में CM नीतीश कुमार के साथ एक खुली गाड़ी में पहुंचे। कार्यक्रम मोतिहारी के गांधी मैदान में आयोजित हुआ।

