तेजस्वी यादव के बयान पर भड़की BJP: सुधांशु त्रिवेदी बोले- देश में शरिया कानून लाना चाहता है 'INDI' गठबंधन, हम ऐसा नहीं होने देंगे
Published:
3 min read

Sudhanshu trivedi
RJD नेता तेजस्वी यादव के वक्फ कानून पर दिए बयान को लेकर बीजेपी ने 'INDI' गठबंधन पर निशाना साधा। बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, कांग्रेस देश में शरिया कानून लागू करना चाहती है। RJD, SP का समाजवाद नवाजवाद है। देश शरिया से नहीं चलेगा।
सुधांशु त्रिवेदी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पटना के गांधी मैदान में एक ऐसी रैली हुई, जहां INDI गठबंधन के बिहार के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हम संसद से पारित एक कानून को कूड़ेदान में फेंक देंगे। बीजेपी सांसद ने पलटवार करते हुए कहा, संविधान का सम्मान जरूरी है।
यह संविधान की प्रस्तावना में नवाजवाद जोड़ देते- सुधांशु त्रिवेदी
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, उनका (INDI गठबंधन) मकसद देश में शरिया कानून लाना है। देश शरिया से नहीं चलेगा। कांग्रेस ने 50 साल पहले संविधान की प्रस्तावना बदली थी। आज इनके पास ताकत होती तो यह संविधान की प्रस्तावना में नवाजवाद जोड़ देते।
बीजेपी नेता ने कांग्रेस, RJD, SP से मांगा जबाव
राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "भाजपा और NDA गठबंधन इस बात के लिए संकल्पित है कि बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान को और उसके किसी भी प्रावधान को कोई कूड़े में फेंकना चाहेगा तो हम उसे नहीं होने देंगे। उन्होंने विपक्ष से पूछा, ‘क्या आप बिहार में साऊदी अरब, इंडोनेशिया, तुर्की और ISIS से ज्यादा बड़ा शरिया कानून लागू करने की सोच रहे हैं? हमें इस बात का सीधा और स्पष्ट जवाब चाहिए’।
भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "बहुत दुख की बात है कि पटना के गांधी मैदान में जहां आपातकाल के दौरान संविधान की रक्षा और सम्मान के लिए जान की परवाह किए बिना लाखों लोग एकत्रित हुए थे। जहां INDI गठबंधन के बिहार के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि 'हम संसद से पारित एक कानून को कूड़ेदान में फेंक देंगे'।
उन्होंने कहा, ‘मैं राजद और सपा जैसे दलों से पूछना चाहता हूं कि समाजवाद तो धन का समान वितरण होना चाहिए यह कहता है, लेकिन आप कह रहे हैं कि 49 लाख एकड़ जमीन पर चंद लोगों का कब्जा होना चाहिए। यह एक सोची समझी मानसिकता है जो समाजवाद के विचार से बिल्कुल विपरीत है’।
'50 साल की मानसिकता से बाहर नहीं निकले'...
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि वोट बैंक की चाहत में जो कुछ भी तेजस्वी यादव और INDI गठबंधन के नेताओं के द्वारा बोला गया है उससे साफ है कि वे संविधान को कूड़ेदान में फेंकने की 50 साल पुरानी मानसिकता से बाहर नहीं आ पा रहे हैं। यह बहुत गंभीर विषय है। उन्होंने वक्फ बोर्ड के कानून के लिए ऐसा कहा। इसका अर्थ यह हुआ कि 'ना संसद का सम्मान, ना न्यायपालिका का सम्मान'।
तेजस्वी के इस बयान पर बवाल
पटना के गांधी मैदान में आयोजित वक्फ बोर्ड के कानून के खिलाफ रैली में RJD नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला था। ‘वक्फ बचाओ, दस्तूर बचाओ’ सम्मेलन में तेजस्वी ने कहा था कि यह देश किसी के बाप का नहीं है! 'हमारी सरकार बनी तो वक्फ कानून' कूड़ेदान में होगा।

