RSS प्रमुख के बयान पर कांग्रेस का सवाल: क्या मोदी भी मार्गदर्शक मंडल में जाएंगे; भागवत ने कहा था- 75 साल में साइड हो जाएं
Published:
3 min read

मोहन भागवत और पीएम मोदी (फाइल फोटो)
कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत के '75 साल में साइड हो जाएं' वाले बयान को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने पूछा, क्या पीएम मोदी भी मार्गदर्शक मंडल में भेजे जाएंगे।
दरअसल, मोहन भागवत ने बुधवार को नागपुर में नेताओं के रिटायरमेंट पर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा, अगर आप 75 साल के हो जाएं तो साइड हो जाएं और दूसरों को मौका दें। संघ प्रमुख ने इस दौरान किसी का नाम नहीं लिया। हालांकि, उनका ये बयान ऐसे वक्त पर आया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 68 दिन बाद 17 सितंबर को 75 साल के हो जाएंगे।
प्रियांक खड़गे ने पूछा सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे और कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खड़गे ने मोहन भागवत के बयान पर कहा, 'पीएम मोदी ने खुद कहा है कि नेताओं के लिए कट ऑफ उम्र 75 साल होनी चाहिए। ऐसे में वे खुद कुछ ही महीनों में 75 साल के हो जाएंगे, ऐसे में लोग आशंका जता रहे हैं कि क्या उन्हें भी मार्गदर्शक मंडल में भेजा जाएगा।'
"'हम उन्हें टारगेट नहीं कर रहे हैं, उनकी उम्र में हमें कोई इंटरेस्ट नहीं है। हमें उनके काम और देश के प्रति योगदान में इंटरेस्ट है, लेकिन उन्होंने पहले ही कहा है कि नेताओं की कट-ऑफ उम्र 75 साल होनी चाहिए, ऐसे में लोग आशंका जता रहे हैं कि क्या वे भी मार्गदर्शक मंडल में भेजे जाएंगे। यह पीएम मोदी का ही विचार है।'"
RSS चीफ बोले- 75 साल में साइड हो जाएं
मोहन भागवत इस साल 11 सितंबर को 75 साल के हो रहे हैं। संघ प्रमुख बुधवार को नागपुर में किताब की लॉन्चिंग के मौके पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा, 'मोरोपंत पिंगले ने एक बार कहा था कि यदि 75 साल की उम्र के बाद आपको शॉल से सम्मानित किया जाता है, तो इसका मतलब है कि अब आपको रुक जाना चाहिए, आप बूढ़े हो गए हैं, एक तरफ हट जाएं और दूसरों को अंदर आने दें।'
भागवत के बयान पर विपक्ष ने बीजेपी को घेरा
बीजेपी में 2014 के बाद से ही 75 साल में रिटायरमेंट की परंपरा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस साल सितंबर में 75 साल के हो रहे हैं। हालांकि, तमाम बीजेपी के नेता ये दावा कर रहे हैं कि नरेंद्र मोदी बतौर पीएम अपने तीसरे कार्यकाल को पूरा करेंगे और 2029 तक देश के प्रधानमंत्री रहेंगे।
रिटायरमेंट पर संघ प्रमुख के बयान के बाद शिवसेना (उद्धव गुट) सांसद संजय राउत ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, पीएम मोदी ने लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और जसवंत सिंह जैसे नेताओं को 75 साल की उम्र के बाद रिटायर होने के लिए मजबूर किया। देखते हैं कि क्या वह अब खुद पर भी यही नियम लागू करते हैं।
केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव के दौरान उठाया था मुद्दा
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव से पहले भी ये दावा किया था कि पीएम मोदी 17 सितंबर 2025 को रिटायर हो जाएंगे। उन्होंने चुनावी रैली में जनता से कहा था कि लोकसभा चुनाव में आपका पीएम मोदी के लिए दिया गया वोट अमित शाह के लिए होगा। केजरीवाल के इस बयान के बाद सियासी घमासन मच गया था। हालांकि, अमित शाह ने इस पर जवाब में कहा था कि पीएम मोदी अपना तीसरा कार्यकाल भी पूरा करेंगे।

