जीजाजी को 10 साल से परेशान किया जा रहा है: राहुल गांधी बोले- रॉबर्ट मजबूत इंसान..हर मुश्किल का सामना करेंगे; ED ने वाड्रा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की
Published:
3 min read

ED ने रॉबर्ट वाड्रा पर शिकंजा कसा है। इसी बीच राहुल गांधी ने उन्हें सपोर्ट किया है। (फाइल)
मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसे रॉबर्ट वाड्रा को राहुल गांधी ने सपोर्ट किया है। राहुल ने कहा कि सरकार पिछले 10 साल से मेरे बहनोई को परेशान कर रही है। मुझे पता है कि वे मजबूत इंसान हैं और इस उत्पीड़न का डटकर सामना कर सकते हैं।
दरअसल, ED ने गुरुवार को वाड्रा के खिलाफ गुरुग्राम जमीन डील मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की चार्जशीट दाखिल की। उनकी 36 से 43 करोड़ की प्रॉपर्टीज भी सीज कर दी। 24 जुलाई को मामले की सुनवाई होनी है।
वाड्रा पर जमीन के खरीद फरोख्त में घोटाले का आरोप
दरअसल, मामला गुरुग्राम के शिकोहपुर गांव की जमीन डील से जुड़ा है। वाड्रा की कंपनी स्काईलाइट हॉस्पिटैलिटी ने 2008 में करीब 7.5 करोड़ रुपए में ओंकारेश्वर प्रॉपर्टीज से एक प्लॉट खरीदा था। वाड्रा ने कुछ ही महीनों में वो जमीन रियल एस्टेट कंपनी DLF को 58 करोड़ रुपए में बेच दी। तब की हरियाणा सरकार ने DLF को उस जमीन पर रेसिडेंशियल प्रोजेक्ट बनाने की परमिशन दे दी।
बाद में ये बात सामने आई कि हरियाणा की कांग्रेस सरकार ने वाड्रा को जानबूझकर फायदा पहुंचाने के लिए सरकारी नियमों का उल्लंघन किया है। लेन-देन के पेपर्स भी ऑन्थेटिक नहीं थे।
यह केस सबसे पहले 2018 में गुरुग्राम पुलिस ने दर्ज किया। ED ने भी पुलिस के केस को आधार मानकर वाड्रा समेत 11 लोगों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की। कई बार वाड्रा से पूछताछ हुई। अब मामले में ED ने चार्जशीट दाखिल कर दी है।

मैं रॉबर्ट, प्रियंका और बच्चों के साथ खड़ा हूं- राहुल
राहुल गांधी ने वाड्रा का बचाव करते हुए एक्स पर लिखा, ‘यह सरकार मेरे बहनोई को पिछले 10 साल से परेशान कर रही है। यह नई चार्जशीट भी उसी राजनीतिक विद्वेष का हिस्सा है।
मैं रॉबर्ट, प्रियंका और उनके बच्चों के साथ हूं, क्योंकि उन्हें एक बार फिर से झूठे आरोप लगाकर परेशान किया जा रहा है। मुझे पता है कि वे इस उत्पीड़न से परेशान नहीं होंगे और अपनी लड़ाई पूरी गरिमा से लड़ते रहेंगे। जीत अंत में सच की ही होगी।’

1997 में गांधी परिवार के दामाद बने थे वाड्रा
राहुल गांधी की बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने 1997 में बिजनैसमैन रॉबर्ट वाड्रा से शादी की। दोनों की लव स्टोरी स्कूल में शुरू होकर शादी तक पहुंची। उनके दो बच्चे रेहान और बेटी मिराया वाड्रा हैं। प्रियंका भाई राहुल से दो साल छोटी हैं।

