पुणे के फ्लैट में मृत मिली 34 वर्षीय महिला: फूड डिलीवरी ट्रांजैक्शन से मिला सुराग; फैमिली को बोला था लंदन में है
Published:
2 min read

मुग्धा देशमुख पिछले साल जुलाई में MBA की पढ़ाई करने के लिए ब्रिटेन गई थीं। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. पुणे में एक 34 वर्षीय महिला की बॉडी किराए के फ्लैट में मिली है। महिला की पहचान मुग्धा देशमुख के रूप में हुई है। वह छत्रपति संभाजीनगर की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि वह लंदन से भारत लौट आई थीं, लेकिन उसने इसकी जानकारी अपने परिवार को नहीं दी थी। फूड डिलीवरी के ट्रांजैक्शन से उसके भारत में होने की जानकारी मिली।
MBA की पढ़ाई के लिए गई थीं ब्रिटेन
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, मुग्धा देशमुख पिछले साल जुलाई में MBA की पढ़ाई करने के लिए ब्रिटेन गई थीं। वहां वह अकेले रहती थीं और पार्ट टाइम जॉब भी करती थीं। मुग्धा फेमिली से फोन और मैसेज के जरिए बात करती थी।
परिवार के अनुसार, उसने 24 अक्टूबर के बाद से फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद उसका मोबाइल भी बंद हो गया। परेशान परिवार ने लंदन में रहने वाली उनकी एक दोस्त से कॉन्टेक्ट किया। दोस्त ने बताया कि उसकी मुग्धा से आखिरी बार 22 अक्टूबर को मैसेज के जरिए बात हुई थी।
लंदन पुलिस से मिली भारत लौटने की जानकारी
मुग्धा की दोस्त ने लंदन में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि मुग्धा अगस्त के आखिर में ही ब्रिटेन छोड़ चुकी थीं। इसके बाद फैमिली ने भारतीय अधिकारियों और हाईकमिश्नर से संपर्क कर मुग्धा का पता लगाने में हेल्प मांगी।
ऐसे हुआ खुलासा
पिता ने जब मुग्धा के बैंक स्टेटमेंट की जांच की। इसमें 8 से 25 अक्टूबर के बीच कई फूड डिलीवरी ट्रांजैक्शन मिले। इनमें से कुछ ट्रांजैक्शन छत्रपति संभाजीनगर के उस्मानपुरा इलाके से हुए थे। इससे पता चला कि वह भारत में ही हैं। पुलिस ने मुग्धा की लोकेशन पुणे के गहुंजे स्थित लोधा बेलमोंडो कॉम्प्लेक्स में ट्रेस की। फ्लैट का गेट बंद मिला। दूसरी चाबी से फ्लैट का गेट खोला, तो मुग्धा की बॉडी मिली। पिंपरी-चिंचवड़ के शिरगांव पुलिस के मुताबिक महिला के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं।
अप्रैल में किराए पर लिया था फ्लैट
पुलिस की जांच में सामने आया कि मुग्धा ने अप्रैल में यह फ्लैट किराए पर लिया था, लेकिन वह अगस्त से वहां रह रही थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला की मौत कैसे हुई, इसकी वजह सामने नहीं आ पाई है।

