पीएम मोदी का बिहार दौरा: कहा- इसी धरती से मैंने ऑपरेशन सिंदूर का संकल्प लिया, 4 नई अमृत भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी
Published:
3 min read

पीएम मोदी ने मोतिहारी में जनसभा की। उनके साथ बिहार के सीएम नीतिश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने मोतिहारी में एक जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की इसी धरती से उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का संकल्प लिया था। हमारा संकल्प है कि आने वाले समय में जैसे पश्चिमी भारत में मुंबई है वैसे ही पूर्व में मोतिहारी का नाम हो।
पीएम मोदी ने मोतिहारी में 7,200 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने 4 नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
पीएम मोदी के भाषण की खास बातें
ऑपरेशन सिंदूर का संकल्प बिहार में लिया
आज का नया भारत दुश्मनों के खात्मे के लिए जमीन आसमान एक कर देता है। बिहार की इसी धरती से मैंने ऑपरेशन सिंदूर का संकल्प लिया था। आज उसकी सफलता पूरी दुनिया देख रही हैं।
RJD-कांग्रेस को निशाने पर लिया
पीएम मोदी ने कहा कि RJD और कांग्रेस के राज में गरीब को ऐसे पक्के घर मिलना मुश्किल था। जिन लोगों के राज में लोग अपने घरों में रंग-रोगन तक नहीं करवाते थे, डरते थे कि अगर रंग-रोगन हो गया तो पता नहीं कि मकान मालिक को ही उठवा लिया जाए। पीएम ने कहा कि बिहार असंभव को भी संभव बनाने वाले वीरों की धरती है।
उन्होंने कहा कि आप लोगों ने इस धरती को RJD और कांग्रेस की बेड़ियों से मुक्त किया, असंभव को संभव बनाया। उन्होंने कहा कि पिछले 11 सालों में पीएम आवास योजना के तहत देश में गरीबों के लिए 4 करोड़ से भी ज्यादा घर बनाए गए। इनमें से करीब 60 लाख घर अकेले बिहार में गरीबों के लिए बनाए गए हैं।
'आजादी आंदोलन में गांधी जी को नई दिशा दी'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "ये धरती चंपारण की धरती है। इस धरती ने इतिहास बनाया है। आजादी के आंदोलन के समय में इस धरती ने गांधी जी को नई दिशा दिखाई। इसी धरती की प्रेरणा बिहार का नया भविष्य भी बनाएगी। आज यहां से 7,200 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है। मैं सभी को बधाई देता हूं।"
नक्सलवाद अंतिम सांसें गिन रहा है- पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि चंपारण, औरंगाबाद, गया जी, जमुई जैसे जिलों को वर्षों तक पीछे रखने वाला नक्सलवाद आज अंतिम सांसे गिन रहा है। जिन इलाकों पर माओवाद का काला साया था, आज वहां के नौजवान बड़े सपने देख रहे हैं। हमारा संकल्प है कि हम भारत को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त करके रहेंगे।
3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज देश और बिहार में लखपति दीदी की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है। देश में हमने 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। अब तक 1 करोड़ बहने लखपति दीदी बन चुकी है। हमारे बिहार में 20 लाख से ज्यादा लखपति दीदी बनी हैं।
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 12 हजार लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपी।

