एक्टिंग से संन्यास लेंगे पवन कल्याण: बोले- प्रशासन और पार्टी मेरी प्राथमिकता, चुनाव से पहले साइन की गईं फिल्मों की शूटिंग कर रहा
Published: Updated:
3 min read

पवन कल्याण मार्च 2014 में जन सेना पार्टी बना कर राजनीति में आए। फिलहाल वे डिप्टी सीएम हैं। सियासत में आने के बाद पवन की फैन फॉलोइंग पहले के मुकाबले काफी ज्यादा हो गई। (फाइल)
एक्टर पवन कल्याण की फिल्म 'हरी हरा वीरा मल्लू' 24 जुलाई को रिलीज हो रही है। जनसेना पार्टी चीफ पवन कल्याण आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम भी हैं। एक्टिव पॉलिटिक्स के साथ-साथ फिल्मों में काम करने को लेकर उनकी आलोचना भी होती रही हैं। अब इन्हीं आलोचनाओं पर पवन कल्याण ने जवाब दिया है।
पवन कल्याण ने कहा कि वे जिन फिल्मों में अभी काम कर रहे हैं, वे उन्होंने चुनाव के पहले साइन की थी। डिप्टी सीएम बनने के बाद से उन्होंने कोई नई फिल्म साइन नहीं की है। उन्होंने कहा, अगर उनकी जिम्मेदारियां बीच में आती हैं, तो वे एक्टिंग छोड़ सकते हैं।
दिन में सिर्फ 2 घंटे शूटिंग की- पवन कल्याण
ABN को दिए इंटरव्यू में जब पवन से पूछा गया कि राजनीति में आने के बाद भी फिल्मों में काम करना कितना सही है? उन्होंने जवाब दिया, ‘मैंने ‘OG’, ‘उस्ताद भगत सिंह’ और ‘हरि हरा वीरा मल्लू’ फिल्में चुनाव से पहले साइन की थीं और मेरी प्लानिंग थी कि मैं चुनाव से पहले ही इनकी शूटिंग पूरी कर लूंगा। लेकिन राजनीति के चलते वक्त की कमी हो गई। मैंने प्रोड्यूसर्स से माफी मांगी और कहा कि थोड़ा और समय चाहिए शूटिंग के लिए। यहां तक कि सत्ता में आने के बाद भी मैंने शूटिंग जारी रखी, लेकिन सिर्फ एक दिन में दो घंटे काम करता था।’

प्रोड्यूसर बने रहेंगे पवन कल्याण
उन्होंने कहा- मेरी प्राथमिकता अब प्रशासन और जनसेना पार्टी है। लेकिन मैं आर्थिक तौर पर सिनेमा पर निर्भर हूं, इसलिए भविष्य में प्रोड्यूसर के तौर पर फिल्में बनाऊंगा। अगर कभी एक्ट किया भी तो दिन में केवल दो घंटे दूंगा, लेकिन अभी तक मैंने कोई नई फिल्म साइन नहीं की है।
पवन कल्याण की फिल्म ‘OG’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है। इसे सुजीत ने डायरेक्ट किया है। वहीं ‘उस्ताद भगत सिंह’ की सिर्फ पांच दिन की शूटिंग बाकी है। इस फिल्म का डायरेक्शन हरीश शंकर कर रहे हैं।

कॉन्ट्रोवर्सी से घिरी 'हरी हरा वीरा मल्लू'
तेलंगाना सरकार ने एक्टर पवन कल्याण की आने वाली फिल्म 'हरी हरा वीरा मल्लू' को प्रीमियर शो की इजाजत दे दी है। हालांकि, इसके लिए टिकट रेट्स हाई किए गए हैं। यानी ये पहले के मुकाबले महंगे होंगे। इसके लिए राज्य सरकार ने एक नोटिफिकेशन जारी किया है।
सरकार ने आदेश दिया है कि फिल्म का प्रीमियर शो रिलीज के एक दिन पहले, 23 जुलाई को रात 9 बजे होगा। शो के टिकट 600 रुपए का होगा। 24 से 27 जुलाई तक मल्टीप्लेक्स में 200 रुपए और सिंगल स्क्रीन में 150 रुपए लिए जाएंगे। वहीं 28 जुलाई से 2 अगस्त के बीच मल्टीप्लेक्स में 150 रुपए और सिंगल स्क्रीन में 106 रुपए तक चार्ज किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर…
2020 से शुरू हुई थी फिल्म की शूटिंग
'हरी हरा वीरा मल्लू' 24 जुलाई को रिलीज होने वाली है। फिल्म को कृष जागरलामुडी ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में पवन कल्याण के साथ सोनाक्षी सिन्हा, नरगिस फाखरी, नोरा फतेही, निधि अग्रवाल, अर्जुन रामपाल और बॉबी देओल लीड रोल में नजर आने वाले हैं।

फिल्म की कहानी डाकू वीरा मल्लू के जीवन पर बनी है। रिपोर्ट्स के अनुसार इस फिल्म की मेकिंग सितंबर 2020 में शुरू हुई था। लेकिन कोविड-19 और कल्याण के पॉलिटिक्स जॉइन करने के कारण इसे रोक दिया गया था।

