पलानीस्वामी ने अपनी पार्टी अमित शाह के पास गिरवी रखी: तमिलनाडु के डिप्टी CM बोले- सफेद धोती-शर्ट पहनने वाले भगवा में रंगे
Published:
2 min read

डिप्टी CM उदयनिधि स्टालिन (दाएं) ने पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी पर निशाना साधा है।
तमिलनाडु के डिप्टी CM उदयनिधि स्टालिन ने AIADMK महासचिव और विपक्ष के नेता के. पलानीस्वामी पर तंज कसा है कि वे पूरी तरह संघी हो गए हैं। स्टालिन ने कहा कि पलानीस्वामी ने अपनी पार्टी AIADMK को अमित शाह के पास गिरवी रख दिया है।
'चोरी-छिपे बीजेपी से मिल गए पलानीस्वामी'
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, तिरुवन्नामलाई में DMK के बूथ कमेटी कार्यक्रम में उदयनिधि ने कहा, 'पलानीस्वामी ने पहले कहा था कि वे बीजेपी से गठबंधन नहीं करेंगे, लेकिन बाद में चुपचाप चोरी-छिपे दिल्ली जाकर उनसे मिल गए। पलानीस्वामी बीजेपी को तमिलनाडु में घुसाने की कोशिश कर रहे हैं।'

डिप्टी सीएम उदयनिधि राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे भी हैं।
'सफेद धोती पहनने वाले भगवा में रंग गए'
उदयनिधि ने आगे कहा, ‘धोती और सफेद शर्ट पहनने वाले पलानीस्वामी अब पूरी तरह भगवा रंग में रंग गए हैं। खैर कुछ भी हो जाए, तमिलनाडु की जनता तानाशाहों और उनके गुलामों को नकार देगी।’

अमित शाह के साथ पलानीस्वामी (बाएं)
राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव
तमिलनाडु में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। बीजेपी पहले से बेहतर प्रदर्शन करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। मौजूदा विधानसभा पर नजर डालें तो सत्तारुढ़ DMK के पास 159 सीटें हैं। विपक्ष में AIADMK के पास 66 सीटें हैं। पिछले चुनाव में बीजेपी सिर्फ 2 सीट ही जीत पाई थी।
वहीं, इससे पहले की सरकार में के.पलानीस्वामी CM थे। वे 2017 से लेकर 2021 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे।

