कैप छीनी, नीचे गिराकर लात-घूसे मारे: विपक्ष के मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला; पीड़ित जवान बोले- हम सिर्फ ड्यूटी कर रहे थे, समाज में इमेज खराब हुई
Published:
3 min read

दिल्ली में CEC के खिलाफ कांग्रेस के प्रोटेस्ट के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमले के मामले सामने आए हैं.
नेशनल डेस्क. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी INDIA गठबंधन का विरोध प्रदर्शन जारी है। राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों ने बुधवार को जंतर मंतर तक मार्च निकाला था। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों पर हमले की घटनाएं भी सामने आई हैं। इनके वीडियो भी सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। पुलिस ने इन मामलों में तीन नई FIR दर्ज की हैं।
इन FIR में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम शामिल है। पुलिस से धक्का-मुक्की, सरकारी काम में रुकावट डालने, पुलिस से बदसलूकी और बैरिकेड हटाने जैसे आरोपों पर यह FIR दर्ज हुई हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में कुछ और केस भी दर्ज किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: राहुल-प्रियंका के खिलाफ तीन और FIR: पुलिस से धक्का-मुक्की, बदसलूकी और सरकारी काम में दखल के आरोप; जवाब मिला- गिरफ्तारी से डर नहीं, लड़ाई जारी है
हमले के बाद क्या बोले पीड़ित जवान
इंडिया ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हेड कांस्टेबल भूपेंद्र अहलावत के साथ भी मारपीट की। उन्होंने बताया, मेरी पत्नी ने वीडियो देखकर कहा कि आपको चोट तो नहीं लगी। किसी ने आपको लात मारी। उसने कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। सबने ये देखा है। सारे रिश्तेदार फोन करके पूछ रहे हैं। इससे हमारे परिवार की इमेज भी खराब हुई। वे हमें जानबूझकर गिरा रहे हैं और गिराने के बाद हमें लातें मार रहे हैं। जबकि हम आराम से कार्यकर्ताओं को बस में ले जा रहे हैं और उनसे कह रहे हैं कि चोट लग जाएगी, शांति से बस में बैठिए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
हमले में घायल हुए दूसरे पुलिसकर्मी देवेंद्र संध ने बताया, हम शांति से भीड़ को समझा रहे थे। हमारी नेमप्लेट तोड़ी गई। कैप निकालकर फेंक दिया गया। हमें गिराकर नीचे गिरा दिया। लात-घूसे मारे गए। हम किसी तरह से जान बचाकर वहां से निकले। इसके बाद बाकी लोगों ने हमला करने वालों को छिपा लिया। मुझे कमर पर और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई है।
BJP ने शेयर किए वीडियो
बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा- नामदार भाई-बहन दोनों मिलकर अब खुलेआम गुंडई और मारपीट का खेल खेल रहे हैं। एक तरफ प्रियंका गांधी महिला पुलिसकर्मी पर कोहनी चलाती हैं, तो दूसरी तरफ 'Smash the Patriarchy' का ज्ञान बांटने वाले राहुल गांधी खुद ऑन-कैमरा महिला पुलिस अधिकारी से धक्का-मुक्की और बदसलूकी कर रहे हैं। बातें बड़ी-बड़ी... काम सिर्फ गुंडई!

