CM उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान के साथ दूसरी शादी की: फोटो शेयर कर लिखा- नई यात्रा की शुरुआत
Published:
2 min read

उमर अब्दुल्ला जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री हैं।
नेशनल डेस्क. जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (56 साल) ने दूसरी शादी कर ली है। उन्होंने पत्रकार निधि राजदान (49 साल) से शादी की है। निधि राजदान के साथ फोटो शेयर करते हुए CM उमर ने लिखा- नई यात्रा की शुरुआत।

दरअसल, तीन महीने पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने उमर अब्दुल्ला का अलग रह रही पत्नी पायल अब्दुल्ला से अनुच्छेद 142 के तहत विवाह को आपसी सहमति से समाप्त कर दिया था। वहीं, निधि राजदान की भी ये दूसरी शादी है। उनके पहले पति पत्रतार नीलेश मिश्रा है। दोनों ने 2005 में शादी की थी और 2007 में डिवोर्स हो गया था।

ये मामला सुप्रीम कोर्ट तब पहुंचा था, जब उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाईकोर्ट के डिवोर्स को अनुमति देने से इनकार करने के फैसले को चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान उमर और पायल ने आपसी सहमति से संविधान के आर्टिकल 142 के तहत शादी को समाप्त करने की मांग की थी। वकील कपिल सिब्बल ने कोर्ट को बताया था कि कपल अपने मतभेदों को सुलझाने के लिए सहमत हो गए हैं।
उमर अब्दुल्ला और पायल की पहली मुलाकात 1990 में हुई थी। उस समय उमर ओबेरॉय होटल ग्रुप में मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करते थे। वहां पर पायल भी काम करती थीं। दोनों ने 1994 में शादी की थी, दोनों के दो बेटे, जाहिर और जमीर हैं। हालांकि, दोनों 2009 से अलग रह रहे थे। 2011 में उमर अब्दुल्ला ने पायल से अलग रहने की जानकारी दी थी।

