ओडिशा स्टूडेंट सुसाइड केस: विधानसभा के बाहर प्रदर्शनकारियों पर वॉटर कैनन, आंसू गैस के गोले छोड़े; विपक्ष बोला- ज्यूडिशियल इन्क्वायरी हो
Published:
3 min read

विधानसभा के बाहर भीड़ बेकाबू हो गई।
ओडिशा में बुधवार को बीजू जनता दल (BJD) ने विधानसभा का घेराव किया। दरअसल, बालासोर की एक छात्रा ने सेक्शुअल हैरेसमेंट से परेशान होकर आत्मदाह कर लिया था। BJD ने राज्य सरकार से इस घटना का जवाब मांगा है। उन्होंने इस मामले में ज्यूडिशियल इन्क्वायरी की डिमांड की है। मामले को लेकर आज भुवनेश्वर में भारी तनाव देखने को मिला। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वॉटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया।
आज क्या हुआ
- बीजू जनता दल (BJD) ने छात्रा की मौत को लेकर ओडिशा सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
- BJD कार्यकर्ताओं ने भुवनेश्लर में ओडिशा विधानसभा के बाहर बड़ी संख्या में प्रदर्शन किया।
- भीड़ बढ़ने के साथ ही हालात बिगड़ने लगे। प्रशासन ने भीड़ काबू करने के लिए पानी की बौछारें कीं। साथ ही, आंसू गैस के गोले भी छोड़े।
- बालासोर जिले में BJD ने आठ घंटे का बंद भी बुलाया। वहां इमरजेंसी सेवाएं छोड़कर दुकानें, बाजार और ट्रांसपोर्ट लगभग ठप रहे।
प्रोटेस्ट की तस्वीरें देखिए

सरकार को नींद से जागना चाहिए
BJD के वाइस प्रेसिडेंट देवी प्रसाद मिश्रा ने कहा- हम चाहते हैं कि सरकार नींद से जगे और मामले में तुरंत एक्शन ले। जिसने भी इस केस में एक्शन नहीं लिया, उन्हें कायदे से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए।
जस्टिस मिलने तक प्रोटेस्ट जारी रहेगा
पार्टी लीडर स्नेहांगीनी चुरिया ने कहा- एक लड़की न्याय की मांग करते-करते गुजर गई। मुख्यमंत्री और उनकी कैबिनेट को पता ही नहीं है कि उनके राज्य में क्या चल रहा है। पीड़ित ने जिसे भी खत लिखा था, उन सभी को इस्तीफा दे देना चाहिए। जब तक उसे जस्टिस नहीं मिल जाता, हम प्रोटेस्ट करते रहेंगे।
अब मामला समझिए
12 जुलाई को ओडिशा के बालासोर में एक छात्रा ने आग लगाकर सुसाइड कर ली। उसने कॉलेज प्रोफेसर पर सेक्शुअल हैरेसमेंट के आरोप लगाए थे। छात्रा ने कॉलेज मैनेजमेंट और पुलिस से प्रोफेसर की शिकायत की थी। कोई कार्रवाई न होने पर उसने कॉलेज परिसर में खुद को आग लगा लिया। 14 जुलाई को एम्स, भुवनेश्वर में उसकी मौत हो गई। 22 साल की छात्रा बालासोर के फकीर मोहन ऑटोनॉमस कॉलेज में B.Ed की पढ़ाई करती थी।
CM ने सख्त सजा देने की बात कही थी
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने विक्टिम की मौत से पहले हॉस्पिटल में मुलाकात भी की थी। उन्होंने घटना पर ट्वीट करते हुए लिखा था- मैं दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। मैं छात्रा के परिजनों को आश्वत करता हूं कि जो भी दोषी होंगे उन्हें कानून के अनुसार सख्त सजा दी जाएगी। मैंने खुद अधिकारियों को आदेश दिए हैं। सरकार पूरे परिवार के साथ खड़ी है।
इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें..
ओडिशा में खुद को आग लगाने वाली छात्रा की मौत: राहुल गांधी बोले- मौत के लिए BJP जिम्मेदार

