जेवर एयरपोर्ट का जलभराव का वीडियो निकला फर्जी: पुलिस ने दर्ज की FIR; एयरपोर्ट मैनेजमेंट की शिकायत पर एक्शन
Published:
2 min read

एयरपोर्ट मैनेजमेंट का कहना है कि वायरल हो रहा वीडियो फर्जी और भ्रामक है। इसमें वास्तविक स्थितियों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है।
नेशनल डेस्क. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जलभराव के नाम से कुछ वीडियो तेजी से वायरल हुए थे। अब उत्तर प्रदेश पुलिस ने इन 'फर्जी और भ्रामक' वीडियो को वायरल करने वालों के खिलाफ एक्शन लेना शुरु कर दिया है।
एयरपोर्ट मैनेजमेंट की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक फेसबुक अकाउंट के खिलाफ मामला भी दर्ज किया है।
अखिलेश यादव ने कसा था तंज
वीडियो वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर लिखा- क्या अब एयरपोर्ट पर नावें चलेंगी? जहां-जहां BJP सरकार है, वहां भारी भ्रष्टाचार है।
क्या है पूरा मामला
भारी बारिश के दौरान वायरल हुए वीडियो में दावा किया गया था कि नवनिर्मित नोएडा एयरपोर्ट के टर्मिनल और पार्किंग को जोड़ने वाले रास्ते में भारी जलभराव हो गया है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एयरपोर्ट के ड्रेनेज सिस्टम को लेकर कई सवाल उठने लगे थे।
एयरपोर्ट मैनेजमेंट की शिकायत पर एक्शन
इस विवाद के तूल पकड़ने के बाद एयरपोर्ट मैनेजमेंट ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मैनेजमेंट की शिकायत के बाद एक फेसबुक अकाउंट के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वीडियो को बताया फर्जी
एयरपोर्ट मैनेजमेंट का कहना है कि वायरल हो रहा वीडियो फर्जी और भ्रामक है। इसमें वास्तविक स्थितियों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है, जिससे बड़ी संख्या में लोग गुमराह हुए हैं। मैनेजमेंट ने अपनी शिकायत में कहा- इस तरह की झूठी खबरों के वायरल होने से यात्रियों को भारी असुविधा हो सकती है। ऐसे भ्रामक फुटेज से एयरपोर्ट की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है।
यह खबर भी पढ़ें-
जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कमर्शियल ऑपरेशन शुरू: पहली फ्लाइट में जमीन देने वाले 170 किसान बैठे; विमान को वाटर कैनन से सलामी मिली
एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट जेवर में शुरू: PM ने उद्घाटन किया, 2050 तक 4 फेज होंगे; Knowledge Guide
वीडियो के सोर्स की जांच कर रही पुलिस
पुलिस कथित वीडियो के सोर्स और उसकी प्रामाणिकता का पता लगा रही है। जेवर पुलिस डिजिटल सबूतों की बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वीडियो बनाने और उसे फैलाने के पीछे का असली मकसद क्या था। यह भी जांचा जा रहा है कि क्या जानबूझकर एयरपोर्ट की भ्रामक छवि पेश करने की साजिश रची गई थी।

