एंटी नेशनल और मिसलीडिंग पोस्ट करने वाले NIA के रडार पर: विदेश में बैठकर किया, तब भी कार्रवाई; सोशल मीडिया कंपनियों को भी देना होगा हिसाब
Published:
2 min read

नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी NIA
नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने सोशल मीडिया पर देश विरोधी और भड़काऊ कॉन्टेंट फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। NIA ने हाल ही में खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू और गैंगस्टर गोल्डी बराड़ सहित कई देश विरोधी तत्वों के वीडियोज इंटरनेट से हटवाए थे। अब NIA ऐसे कॉन्टेंट को वायरल करने या आगे बढ़ाने वालों पर भी शिकंजा कसने जा रही है।
सोशल मीडिया कंपनियों से भी सवाल पूछे जाएंगे
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, NIA दूसरे खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर एक जॉइंट स्ट्रैटजी बना रही है। इसका मुख्य उद्देश्य सोशल मीडिया पर भड़काऊ और भ्रामक तत्वों पर लगाम लगाना है। साथ ही, इस स्ट्रैटजी के तहत सोशल मीडिया कंपनियों को अपने लेवल पर देश विरोधी और भ्रामक कॉन्टेंट की निगरानी कर उसे रोकना होगा। उन्हें सरकार को नियमित रूप से यह भी बताना होगा कि उन्होंने ऐसे कॉन्टेंट पर क्या एक्शन लिया है।
विदेश में छिपकर पोस्ट किया तब भी कार्रवाई
सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों से अपलोड किए गए एंटी नेशनल और मिसलिडिंग कॉन्टेंट को देश में फैलाने वाले नेटवर्क पर भी कार्रवाई होगी। यानी अगर कोई व्यक्ति या ग्रुप विदेश से भी ऐसे पोस्ट डालता है, तब भी उन पर भारतीय कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इसे लेकर हाईलेवल बैठकें
सरकार ने पहले ही ऐसे वीडियोज ब्लॉक करने की स्ट्रैटजी बनाई हुई है। लेकिन, अब निशाने पर वे लोग हैं, जो इन वीडियोज को सर्कुलेट या शेयर करते हैं। गृह, कानून, आईटी और कम्युनिकेशन मंत्रालय के सीनियर अधिकारियों ने इसे लेकर कई हाईलेवल बैठकें की हैं, ताकि सभी एजेंसियां मिलकर प्रभावी कार्रवाई कर सकें।

