लड्डू नहीं मिलने पर CM हेल्पलाइन में शिकायत: MP के भिंड में 15 अगस्त काे दो की जगह एक लड्डू मिला, ग्रामीण ने कहा- ये भेदभाव, सचिव बोला- 1kg लड्डू दूंगा, माफी मांगूंगा
Published:
2 min read

ग्रामीण कमलेश कुशवाहा ने CM हेल्पलाइन 181 पर कॉल करके शिकायत की। उसने संबंधित पर कार्रवाई की मांग की।
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान एक दिलचस्प मामला सामने आया। यहां नौधा गांव के एक ग्रामीण ने सिर्फ इसलिए CM हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज करा दी क्योंकि उसे फ्लैग सेरेमनी में 2 लड्डू की बजाय केवल 1 लड्डू मिला। शिकायतकर्ता का नाम कमलेश कुशवाहा है। उसने पंचायत पर लड्डू बांटने में भेदभाव करने का आरोप लगाया है। मामला चर्चा का विषय बन गया है क्योंकि हेल्पलाइन ने शिकायत को बाकायदा दर्ज कर लिया है।
मछंद क्षेत्र के नौधा गांव का है मामला
मछंद क्षेत्र का नौधा गांव के ग्राम पंचायत भवन में 15 अगस्त के दिन फ्लेग सेरेमनी आयोजित की गई है। इस कार्यक्रम में सरपंच, सचिव, स्थानीय लोग शामिल हुए। इस दौरान चपरासी धर्मेंद्र ने सभी को 2- 2 लड्डू बांटे। लेकिन धर्मेंद्र ग्रामीण कमलेश कुशवाहा को सिर्फ एक लड्डू दिया। कमलेश ने चपरासी से दो लड्डू मांगे लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद कमलेश ने तुरंत ही CM हेल्पलाइन पर कॉल कर दिया।
शिकायत में क्या कहा
कमलेश ने हेल्पलाइन पर दर्ज कराई गई शिकायत में कहा कि पंचायत भवन में लड्डू बराबरी से नहीं बांटे। केवल आगे बैठे लोगों को 2 लड्डू दिए गए। जो लोग बाहर या सड़क पर खड़े थे उन्हें या तो 1 लड्डू मिला या बिल्कुल नहीं। कमलेश ने कहा कि यह भेदभाव है। जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। सिर्फ मैंने ही CM हेल्पलाइन पर शिकायत की। इसके बाद CM Helpline ने उसकी शिकायत दर्ज कर ली।
पंचायत सचिव ने कहा- 1kg लड्डू दूंगा
पंचायत सचिव रविद्र श्रीवास्तव ने बताया कि 15 अगस्त के दिन शिकायतकर्ता कमलेश कुशवाहा पंचायत भवन से दूर सड़क पर खड़ा था। चपरासी धर्मेंद्र ने उसे एक लड्डू दिया था। उसने दो लड्डू मांगे, लेकिन धर्मेंद्र ने मना कर दिया। इसलिए उसने शिकायत कर दी।
सचिव ने कहा कि कमलेश की शिकायत करने की आदत है, इससे पहले भी उसने शिकायत की है। उसने कई विभागों की दर्जनभर शिकायत CM Helpline की है। मैं एक किलो लड्डू खरीदकर उसे दूंगा, उससे माफी भी मांगूंगा, और उसे मनाने की कोशिश करूंगा।

