मायावती के घर पहुंचे दो कांग्रेसी नेता: सिक्योरिटी ने दरवाजे से लौटाया, इनमें एक लोकसभा सांसद; पार्टी ने नोटिस भेजा
Published:
2 min read

मायावती बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वे UP की CM भी रह चुकी हैं। फाइल फोटो।
नेशनल डेस्क: मायावती से मिलने पहुंचे दो कांग्रेसी नेताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा। मायावती ने मिलने का समय ही नहीं दिया। सिक्योरिटी ने दरवाजे से लौटा दिया। इनमें से एक बाराबंकी के सांसद तनुज पूनिया भी थे। दोनों नेताओं ने कहा कि वे बस मायावती से शिष्टाचार भेंट के लिए आए थे।
हालचाल लेने पहुंचे थे
कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम और बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया मंगलवार को लखनऊ स्थित मायावती के घर पहुंचे। सिक्योरिटी टीम ने उनकी बात बसपा सुप्रीमो तक पहुंचाई लेकिन सामने से रिस्पॉन्स निगेटिव आया। दोनों नेताओं को लौटना पड़ा। दोनों नेताओं ने कहा कि मायावती काफी समय से सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर नहीं आ रही हैं, इसलिए वे उनका हालचाल जानने पहुंचे थे।
राहुल का कोई संदेश नहीं
तनुज पुनिया से पूछा गया कि क्या वे मायावती के पास राहुल गांधी का कोई संंदेश लेकर जाना चाहते थे। जवाब में पुनिया ने कहा कि नहीं, ऐसी कोई बात नहीं है। वे राजनीतिक नहीं, बल्कि व्यक्तिगत मुलाकात के लिए वहां गए थे।
कांग्रेस ने नोटिस जारी किया
UP कांग्रेस ने इस मामले में नाराजगी जाहिर की है। पार्टी ने कहा कि दोनों नेताओं को हाईकमान ने ऐसी किसी मीटिंग की इजाजत नहीं दी थी, फिर वे वहां क्यों गए। प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने दोनों नेताओं को नोटिस जारी कर दिया है। पार्टी ने कहा कि आमतौर पर ऐसी मुलाकातें पहले से तय होती हैं।
मायावती एक बड़ा दलित चेहरा
दरअसल, UP में अगले साल विधानसभा चुनाव है। मायावती को अब भी एक बडे दलित चेहरे के तौर पर देखा जाता है। वे कई बार UP की CM भी रह चुकी हैं। जाहिर है कि उन्हें साथ लेकर चलने से पार्टियां अपना हित साध सकती हैं। हालांकि, मायावती ने गठबंधन को लेकर अपनी स्थिति अब तक साफ नहीं की है।

