CM मोहन यादव पूरी तरह स्वस्थ: हॉट एयर बैलून में आग लगने वाली खबर फर्जी; कलेक्टर बोलीं- एडवेंचर एक्टिविटी के दौरान सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई
Published:
2 min read

हॉट एयर बैलून एक बड़ा गुब्बारा होता है, इसमें नीचे एक टोकरीनुमा बैठने या खड़े होने की जगह (ट्रॉली) होती है।
MP-CG डेस्क: MP के CM मोहन यादव को लेकर शनिवार सुबह खबर आई कि वे हॉट एयर बैलून एक्टिविटी के दौरान घायल होने से बच गए। ये खबर फर्जी निकली। मंदसौर कलेक्टर अदिती गर्ग ने कहा कि एयर बैलून में सुरक्षा के संबंध में किसी प्रकार की कोई चूक नहीं हुई। कुछ जगह एयर बैलून के संबंध में भ्रामक जानकारी प्रसारित की गई है, जबकि वास्तविक बात कुछ और है।
दरअसल, CM मोहन यादव मंदसौर में गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट के चौथे एडिशन का उद्घाटन करने पहुंचे थे। यह रिट्रीट मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा आयोजित था। वहां मोहन यादव ने एंडवेचर एक्टिविटी में हिस्सा लिया।
प्रक्रिया में सुरक्षा के सभी मानकों का ध्यान रखा गया
कलेक्टर अदिति गर्ग ने कहा- एयर बैलून में सुरक्षा के संबंध में किसी प्रकार की कोई चूक नहीं हुई है। मुख्यमंत्री केवल एयर बैलून को देखने के लिए गए थे। हॉट एयर बैलून, जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है, गर्म हवा का गुब्बारा होता है। इसे उड़ान भरने योग्य बनाए रखने के लिए हवा को गर्म किया जाता है, जिससे गुब्बारा ऊपर उठ सके और तैरता रहे। इस पूरी प्रक्रिया में सुरक्षा के सभी मानकों का पूरी तरह पालन किया गया है। नागरिकों से निवेदन है कि वे असत्य और भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें।
हॉट एयर बैलून क्या होता है
हॉट एयर बैलून एक बड़ा गुब्बारा होता है, इसमें नीचे एक टोकरीनुमा बैठने या खड़े होने की जगह (ट्रॉली) होती है। गुब्बारे के अंदर की हवा को गैस की आग से गर्म किया जाता है। गर्म हवा हल्की होती है, इसलिए यह गुब्बारा और नीचे लगी टोकरी को ऊपर उठा लेती है।
उड़ान के लिए पायलट इस हवा को गर्म या ठंडा करके गुब्बारे की ऊंचाई को नियंत्रित करता है। हॉट एयर बैलून में हवा की दिशा से ही उड़ान का रास्ता तय होता है, इसे पायलट अपनी मर्जी से कहीं भी नहीं चला सकता। यह आसमान में उड़ने का एक एडवेंचरस तरीका है। इसमें बैठकर लोग ऊपर से प्राकृतिक नजारे देख सकते हैं।

