सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में बड़ा हादसा: भगदड़ में 2 की मौत, कई घायल; कांवड़ यात्रा के लिए हजारों की भीड़ उमड़ गई थी
Published:
2 min read

पंडित प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम में 6 अगस्त (बुधवार) को कांवड़ यात्रा निकलने वाली है। एक दिन पहले यहां भगदड़ मच गई।
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के कुबेरेश्वर धाम में बड़ा हादसा हो गया। यहां भगदड़ से दो लोगों की मौत हो गई। कई गंभीर घायल बताए जा रहे हैं। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। श्रद्धालुओं की भीड़ होने के कारण धक्का-मुक्की हो गई, जिससे अफरातफरी मच गई। दरअसल, कांवड़ यात्रा से एक दिन पहले ही यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए थे।
कल निकलने वाली है कांवड़ यात्रा
पंडित प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम में 6 अगस्त (बुधवार) को कांवड़ यात्रा निकलने वाली है। कांवड़ यात्रा कुबेरेश्वर धाम से चितावलिया हेमा गांव तक निकाली जाएगी। इसमें शामिल होने के लिए एक दिन पहले से ही श्रद्धालुओं का आना शुरु हो गया।
श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने से मची अफरातफरी
4 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था नमक चौराहा, राधेश्याम कॉलोनी, बजरंग अखाड़ा, अटल पार्क समेत शहर के अन्य जगहों पर की गई थी। लेकिन, एक दिन पहले ही भीड़ बढ़ने से अफरातफरी मच गई।
दो महिलाओं की मौत, कई घायल बताए जा रहे
भीड़ बढ़ने की वजह से कई श्रद्धालुओं को घबराहट होने लगी। इससे तबीयत बिगड़ने लगी। इस दौरान जमीन पर गिरने की वजह से 2 महिलाओं की मौत हो गई। 10 से ज्यादा घायल बताए जा रहे।

