MP की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा: जबलपुर में 21 जुलाई को 35KM लंबी यात्रा निकलेगी, स्कूल बंद रहेंगे; 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालु शामिल होंगे
Published:
3 min read

21 जुलाई को जबलपुर में निकलेगी विशाल कांवड़ यात्रा
मध्य प्रदेश के जबलपुर में राज्य की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा 21 जुलाई को निकलेगी। पिछले 15 साल से यह यात्रा हर साल सावन के दूसरे सोमवार को निकाली जाती है। इस यात्रा को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया जा चुका है।
यह यात्रा सिद्धघाट से नर्मदेश्वर मंदिर कैलाशधाम तक 35 किलोमीटर की होगी। इसमें 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने जबलपुर और मटामर के सभी स्कूलों में एक दिन की छुट्टी घोषित की है।
1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की उम्मीद
समिति व प्रशासन के मुताबिक, 21 जुलाई को सिद्ध घाट ग्वारीघाट से प्रारंभ होने वाली विख्यात संस्कार कावड़ यात्रा लगभग 35 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए मतामार पहाड़ी स्थित भगवान नर्मदेश्वर भोलेनाथ के कैलाश धाम मंदिर पहुंचेगी। समिति के पदाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष कावड़ यात्रा में एक लाख से अधिक कांवड़ियों के शामिल होने की संभावना है।
कावड़ यात्रा का रहेगा यह मार्ग
सोमवार 21 जुलाई को कांवड़ यात्रा सिद्धघाट ग्वारीघाट से प्रारंभ होगी तथा रामपुर चौक, गोरखपुर, शास्त्री ब्रिज, तीन पत्ती चौक, मालवीय चौक, लार्डगंज, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, सराफा, लकड़गंज, बेलबाग, घमापुर, शीतलामाई, कांचघर, सतपुला, गोकलपुर, रांझी, खमरिया स्टेट होते हुये करीब 35 किलोमीटर का सफर तय कर मटामर पहाड़ी पर स्थित भगवान नर्मदेश्वर भोलेनाथ मंदिर कैलाशधाम पर दोपहर के लगभग पहुंचेगी तथा भगवान शंकर के जलाभिषेक के साथ इसका समापन होगा।
दादा गुरु ने दिया एक नया स्वरूप
मां नर्मदा पथ के महायोगी श्री दादा गुरु भैया जी सरकार ने कावड़ यात्रा को एक नया स्वरूप दिया। जिसमें कांवड़िए एक तरफ जीवन दायिनी मां नर्मदा का जल, दूसरी तरह शिव स्वरूप देव वृक्षों के साथ कांवड़िए लेकर कैलाश धाम की ओर निकलते हैं।

छात्र हित में लिया गया निर्णय
कावड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी जबलपुर घनश्याम सोनी ने नगर निगम क्षेत्र और मटर में संचालित सभी स्कूलों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए यह अवकाश घोषित किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है की छुट्टी के कारण शैक्षणिक कार्य में हुई हानि की पूर्ति अन्य कार्य दिवसों में एक्स्ट्रा क्लास लगाकर की जाएगी।
प्रशासन पूरी तरह सतर्क
कावड़ यात्रा के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की है। कावड़ यात्रा के दौरान ग्वारीघाट से पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था होगी। वहीं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ग्वारीघाट में पर्याप्त संख्या में मोटर बोर्ड और गोताखोरों की तैनाती भी की जाएगी।
(रिपोर्ट- दिव्यांशु विश्वकर्मा, जबलपुर)

