एक्ट्रेस लक्ष्मी मेनन पर किडनैपिंग और मारपीट का आरोप: IT प्रोफेशनल को मारा, फिर कार से बाहर फेंका, केरल HC से राहत
Published:
3 min read

एंटरटेनमेंट डेस्क| तमिल एक्ट्रेस लक्ष्मी मेनन पर कोच्चि में एक IT प्रोफेशनल के साथ किडनैपिंग और मारपीट का आरोप लगा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लक्ष्मी और उनके दोस्तों की IT प्रोफेशनल से बहस हुई थी, जो एक लड़ाई में बदल गई। वहीं, एर्नाकुलम नॉर्थ पुलिस स्टेशन में एक्ट्रेस, उनके दोस्त अनीश, मिथुन और सोनामोल के खिलाफ FIR दर्ज हुई है।
शिकायतकर्ता- मेरे साथ मारपीट की, कार से बाहर फेंका
शिकायतकर्ता के मुताबिक, ‘रविवार को वे अपने दोस्तों के साथ बैनेर्जी रोड स्थित वेलोसिटी पब पहुंचे। वहां उनके ग्रुप की एक्ट्रेस के ग्रुप से बहस हो गई थी। कुछ समय में यह बहस लड़ाई और मारपीट में बदल गई। इसके बाद अलियर (शिकायतकर्ता) अपने दोस्तों के साथ क्लब से निकल गए। जैसे ही वे अपने दोस्तों के साथ पब से बाहर निकले, तभी लक्ष्मी मेनन ने उनका पीछा किया।
उन्होंने कहा- एक्ट्रेस के ग्रुप ने मेरी कार को एर्नाकुलम नॉर्थ रेलवे ओवरब्रिज के पास रोक लिया। रात के करीब 11 बजकर 45 मिनट हो रहे थे। इसके बाद उन्होंने मुझे जबरदस्ती अपनी कार में बैठा लिया। उन्होंने मेरे साथ बुरी तरह मारपीट की। काफी देर तक पीटने के बाद उन लोगों ने धमकियां दी। फिर कार से बाहर फेंक दिया।
शिकायत के बाद एरिया के CCTV फुटेज निकाले गए। इसकी मदद से एक्ट्रेस के तीनों दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, अभी लक्ष्मी से पूछताछ होनी बाकी है। रिपोर्ट्स का कहना है कि दोस्तों की गिरफ्तारी के बाद वो फरार हो चुकी है।
![]()
हाईकोर्ट से मिली राहत
इस मामले में केरल हाई कोर्ट में लक्ष्मी ने एंटीसिपेटरी बेल के लिए याचिका दायर की है। उनके वकील का कहना है- मेरे क्लाइंट के खिलाफ लगे सभी आरोप झूठे और मनगढ़ंत हैं। यह पूरा केस उनकी इमेज खराब करने के इरादे से बनाया गया है। उनका इस घटना में कोई हाथ नहीं है।
बुधवार (27 अगस्त) को जस्टिस बेंचू कुरियन थॉमस ने इस पर फैसला सुनाते हुए कहा- अगली सुनवाई तक एक्ट्रेस को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। 17 सितंबर तक गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा दी जाती है।

2011 में करियर की शुरुआत की
लक्ष्मी ने अपने करियर की शुरुआत 2011 में मलयालम फिल्म ‘रघुविंते स्वांतम रजिया’ से की थी। उन्हें असल पहचान 2012 में आई तमिल फिल्म ‘सुंदर पांडियन’ से मिली। इस फिल्म में उन्होंने लीड एक्ट्रेस के तौर पर काम किया था। लक्ष्मी ने ‘कुम्की’, ‘कुट्टी पुली’, ‘पांडिया नाडु’, ‘नान सिगप्पु मणिथन’, ‘रेक्का’ जैसी हिट फिल्मों में काम किया है।

