कोलकाता में लॉ स्टूडेंट से गैंगरेप: कॉलेज कैंपस के अंदर की घटना; TMC कार्यकर्ता पर आरोप, तीन गिरफ्तार
Published: Updated:
3 min read

कोलकाता लॉ कॉलेज में गैंगरेप की घटना सामने आई है।
कोलकाता में लॉ स्टूडेंट से गैंगरेप की घटना सामने आई है। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 25 जून की है। मुख्य आरोपी मनोजीत मिश्रा तृणमूल कांग्रेस का मेंबर बताया जा रहा है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, विक्टिम का कहना है कि शादी के लिए मना करने की वजह से मनोजीत से उसके साथ ज्यादती थी। युवती का कहना है कि वो ऑलरेडी एक रिलेशनशिप में है। मनोजीत ने उसके बॉयफ्रेंड को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी। फिलहाल तीनों आरोपियों को 10 जुलाई तक के लिए पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है।
कॉलेज के गार्डरूम में रेप
इस मामले में विक्टिम ने ही शिकायत दर्ज कराई है। कंप्लेंट के मुताबिक, आरोपी मनोजीत ने विक्टिम के साथ कोलकाता लॉ कॉलेज के गार्डरूम में रेप किया। मनोजीत के साथ उसके दो सहयोगी भी इस घटना में शामिल थे।
मनोजीत के सोशल मीडिया प्रोफाइल से पता चला कि वो कोलकाता लॉ कॉलेज में TMC यूथ विंग का प्रेसिडेंट हुआ करता था। वो फिलहाल क्रिमिनल लॉयर के तौर पर प्रैक्टिस करता है। विक्टिम का कहना है कि मनोजीत उसे जबरदस्ती कॉलेज के गार्डरूम में ले गया और वहां रेप किया।
आरोपियों ने वीडियो भी बनाया
विक्टिम ने कहा, ‘उन लोगों ने मेरे साथ दुष्कर्म करने की नीयत से जोर-जबरदस्ती की। मैंने मना किया और खुद को उनसे दूर करने लगी। मैंने रोते हुए कहा कि मुझे जाने दो। मेरा बॉयफ्रेंड है और मैं उससे काफी ज्यादा प्यार करती हूं। वे फिर भी नहीं माने।’
पीड़िता ने शिकायत में कहा कि काफी मिन्नत करने के बाद भी उन लोगों के अंदर इंसानियत नहीं जगी। वे मुझे जबरदस्ती गार्डरूम में ले गए और रेप किया। उन्होंने वीडियो भी बनाया। धमकी दी कि अगर मैंने मुंह खोला तो वीडियो वायरल कर देंगे।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने कॉलेज का गेट बंद कर दिया, ताकि कोई अंदर न आने पाए।

'राज्य में महिलाओं की सुरक्षा न के बराबर'
घटना के बाद ममता सरकार पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। बंगाल में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘अब राज्य में कोई भी घटना कभी भी घट जा रही है। पिछले साल आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक जूनियर डॉक्टर से रेप कर उसकी हत्या कर दी गई थी। राज्य में महिलाओं की सुरक्षा न के बराबर है। अब CM आएंगी और कहेंगी कि ये तो छोटी मोटी घटना है और विक्टिम को पैसे देकर निकल जाएंगी। उन्हें अब इस्तीफा देने की जरूरत है।’
'आरोपी TMC में किसी बड़े पद पर नहीं था'
TMC स्टेट प्रेसिडेंट तृणांकुर भट्टाचार्य ने मीडिया से कहा, ‘सबसे पहले तो मैं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करता हूं। दूसरी बात, आरोपी किसी समय में TMC का मेंबर रहा होगा, लेकिन उसे कभी कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी गई थी। उस व्यक्ति ने जो भी किया है, उससे TMC का कोई लेना-देना नहीं है।'
आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना को अभी साल नहीं बीता
9 अगस्त 2024 को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में सेकेंड ईयर स्टूडेंट से रेप की घटना ने देश को झकझोर दिया था। पोस्टमार्टम में पता चला कि विक्टिम के साथ पहले रेप हुआ, फिर हत्या कर दी गई। दोषी संजय रॉय कॉलेज में सिविक वॉलंटियर था।
इस घटना से पूरे देश में गुस्सा फैल गया। डॉक्टरों और छात्रों ने न्याय की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किए। मामले की जांच पहले राज्य पुलिस ने की, लेकिन बाद में हाईकोर्ट के आदेश पर CBI को सौंप दी गई। जनवरी 2025 को कोर्ट ने संजय रॉय को दोषी करार दे दिया।

