IIM कलकत्ता रेप केस में ट्विस्ट: पिता बोले- बेटी के साथ दुष्कर्म नहीं हुआ, ऑटो से गिरकर बेहोश हुई थी
Published:
2 min read

IIM कलकत्ता
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) कलकत्ता की स्टूडेंट के साथ रेप के मामले में नया ट्विस्ट आया है। स्टूडेंट के पिता ने दावा किया है कि उनकी बेटी के साथ रेप नहीं हुआ है। वह ऑटो से गिरकर बेहोश हो गई थी।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, पिता ने बताया कि उन्हें शुक्रवार रात 9.34 बजे कॉल आया था। उन्हें बताया गया था कि उनकी बेटी ऑटो रिक्शा से गिर गई और बेहोश हो गई। इसके बाद उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
पिता का दावा है कि बेटी ने उन्हें बताया है कि उसके साथ रेप नहीं हुआ. उन्होंने कहा, मैंने बेटी से बात की। उसने बताया कि उसके साथ किसी तरह का दुर्व्यवहार नहीं हुआ है। वह नॉर्मल है। उसका गिरफ्तार हुए व्यक्ति से कोई संबंध नहीं है।
IIM हॉस्टल में रेप का मामला आया था सामने
दरअसल, IIM कलकत्ता की स्टूडेंट से रेप का मामला सामने आया था। पुलिस ने बताया था कि बिजनेस स्कूल के हॉस्टल में एक स्टूडेंट ने महिला से रेप किया।इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया था।
पीड़िता ने मामले की शिकायत हरिदेवपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, IIM कलकत्ता के बॉयज हॉस्टल में शुक्रवार को घटना को अंजाम दिया गया था।
महिला ने FIR में बताया कि उसे काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। इस दौरान उसे ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया गया। इससे वह बेहोश हो गई। उसके बाद उससे रेप किया गया। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे धमकी दी थी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो अंजाम बुरा होगा। पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी को हिरासत में लिया गया, उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
लॉ कॉलेज में भी गैंगरेप का मामला आया सामने
कलकत्ता में ये मामला ऐसे वक्त पर आया, जब हाल ही में लॉ कॉलेज में एक स्टूडेंट के साथ गैंगरेप किया गया था। इस मामले को लेकर राज्य में सियासी घमासान भी मचा था। बीजेपी ने इस मामले में ममता सरकार को जमकर घेरा था। बीजेपी ने आरोप लगाया था कि रेप के आरोपी टीएमसी की स्टूडेंट विंग से जुड़े हुए हैं।

