फोटो तो ठीक से बना लेते: INDIA गठबंधन की रैली में भीड़ की AI फोटो पर रिजिजू का तंज; बोले- इसमें भी मैदान पूरा नहीं भर पाए
Published:
2 min read

INDIA गठबंधन की रैली में भीड़ दिखाने के लिए AI फोटो शेयर करने पर रिजिजू ने कांग्रेस पर निशाना साधा।
नेशनल डेस्क. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी INDIA ब्लॉक की रविवार को रामलीला मैदान में रैली में भीड़ की AI इमेज को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस को रैली में भीड़ दिखाने के लिए AI का इस्तेमाल करना पड़ा। दरअसल, कांग्रेस सांसद वामसी गद्दाम और अन्य पार्टी नेताओं ने रैली में मौजूद भीड़ दिखाने के लिए AI इमेज शेयर कर दी थी।
रिजिजू ने कहा- रामलीला मैदान में भारी भीड़ दिखाने के लिए कांग्रेस पार्टी को कम से कम AI से बनी फोटो तो ठीक से तैयार करनी चाहिए थी। उन्होंने लिखा- यहां तक कि कांग्रेस की फेक नैरेटिव टीम AI से बनी फोटो में भी रामलीला मैदान ठीक से पूरा भरा नहीं दिखा पाई।
दरअसल, तेलंगाना के कांग्रेस सांसद वामसी कृष्ण गद्दाम ने सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर की थी। इसके जरिए उन्होंने रैली में भीड़ को दिखाया। लेकिन ये फोटो AI से बनी थी। इसके बाद कई कांग्रेसी नेताओं और समर्थकों ने सोशल मीडिया पर ये फोटो शेयर की। पूर्व सांसद और CWC सदस्य जगदीश ठाकोर ने भी ये फोटो शेयर की।

उन्होंने लिखा- दिल्ली की धरती पर आज लोकतंत्र की आवाज बुलंद करने के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA गठबंधन और गुजरात कांग्रेस साथियों के साथ विशाल जनआंदोलन का हिस्सा बना। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प के साथ देशभर से उमड़े जनसैलाब ने स्पष्ट कर दिया कि लोकतंत्र से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

BJP ने रैली को फ्लॉप बताया
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष की रैली को बीजेपी ने फ्लॉप बताया। बीजेपी ने कहा कि विपक्ष ने जो दावा किया था, उसके मुकाबले काफी कम भीड़ थी। बीजेपी के नेताओं ने रैली में खाली कुर्सियों की फोटो और वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि कम से कम 40 प्रतिशत मैदान खाली था।
वहीं, कांग्रेस ने दावा किया था कि इस रैली में 10 लाख लोग शामिल होंगे। बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस का दावा था कि 10 लाख लोग आएंगे। लेकिन 10 लाख तो छोड़िए, मैदान का 40% हिस्सा भी खाली था।

