कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग का मामला: खालिस्तानी संगठन BKI ने कहा- इससे हमारा लेना-देना नहीं, ये सिख सिद्धांतों के खिलाफ
Published:
3 min read

कपिल ने 2015 में आई फिल्म 'किस किसको प्यार करूं' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था।
कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे 'कैप्स कैफे' पर 10 जुलाई शाम फायरिंग हुई थी। जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लड्डी ने ली थी। अब इसके बाद खालिस्तानी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) का कहना है कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं हैं।
BKI ने दो पन्नों का बयान जारी कर कहा है- इस मामले में हमारा नाम जानबूझकर मामले में घसीटा जा रहा है। ऐसा साजिश के तहत हो रहा है। अगर कोई व्यक्ति या गिरोह हमारे संगठन का नाम लेकर धमकियां दे रहा है या पैसे वसूलने की कोशिश कर रहा है, तो यह सिख धर्म और खालिस्तान आंदोलन के मूल सिद्धांतों के विरुद्ध है। हम किसी व्यक्ति या संगठन को हमारे नाम का इस्तेमाल कर गैरकानूनी काम करने का अधिकार नहीं देते। गुरुद्वारों, सिख संगठनों और आम जनता से अनुरोध है कि अगर कोई धोखाधड़ी, धमकी या उगाही का मामला सामने आए तो तुरंत प्रशासन को जानकारी दें।


संगठन ने आगे कहा, ‘हमारा काम सिख पंथ की रक्षा करना है, न कि किसी को डराकर पैसे वसूलना। जो लोग हमारे नाम का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं, उनका बब्बर खालसा से कोई संबंध नहीं है। 1978 से जब सिखों पर हमले शुरू हुए थे, तभी से बब्बर खालसा सिख कौम की सुरक्षा में लगा है। 1984 के सिख नरसंहार को हम आज तक नहीं भूले हैं। लेकिन आज कुछ लोग सिख धर्म के सिद्धांतों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं।’
सोशल मीडिया पर धमकी दी थी, कपिल से माफी की मांग
सोशल मीडिया पर हरजीत लड्डी और तूफान सिंह नाम के एक अन्य शख्स ने वीडियो जारी कर कपिल से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने कई बार कपिल के मैनेजर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने ध्यान खींचने के लिए फायरिंग की।
हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई थी। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें एक शख्स कार में बैठकर कैफे की खिड़की पर लगातार फायरिंग करते दिखा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर ने 12 राउंड फायरिंग की थी।

कपिल ने फायरिंग के कुछ हफ्ते पहले ही इस कैफे का उद्घाटन किया था। 'कैप्स कैफे' कपिल शर्मा और उनकी पत्नी गिन्नी चतरथ का पहला रेस्टोरेंट वेंचर है। लॉन्चिंग के बाद कपिल ने इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं।
NIA भी हरजीत लड्डी की तलाश में जुटी
भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) भी हरजीत सिंह लड्डी को तलाश रही है। उस पर 2024 में पंजाब में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के नेता विकास प्रभाकर की हत्या में शामिल होने का आरोप है। लड्डी पर भारत और कनाडा में फिरौती और हत्या का आरोप है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह BKI के नाम पर यह सभी काम रहा है।

फायरिंग के बाद कपिल ने दुख जताया था
फायरिंग मामले पर कपिल की तरफ से बयान जारी किया गया था। कैफे के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा गया था, 'हमने ‘कैप्स कैफे’ को एक ऐसी जगह बनाने का सपना देखा था, जहां लोगों को अपनापन मिले। लेकिन इस पर हुए हमले से हम सदमे में हैं, लेकिन हम हार मानने वाले नहीं हैं।'
‘यह कैफे आप सबके विश्वास और प्यार से बना है। हम सब मिलकर हिंसा के खिलाफ खड़े होंगे और इस जगह को प्यार और अपनेपन से भरपूर बनाए रखेंगे।’

