कपिल शर्मा को धमकी: खालिस्तानी आतंकी पन्नू बोला- कनाडा आपके खेलने का मैदान नहीं; 3 दिन पहले कॉमेडियन के रेस्टोरेंट पर भी हुई थी फायरिंग
Published:
2 min read

कपिल शर्मा और खालिस्तानी आतंकी पन्नू (फाइल फोटो)
खालिस्तानी आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक्टर और कॉमेडियन कपिल शर्मा को धमकी दी है। पन्नू ने कहा, 'कनाडा आपके खेल का मैदान नहीं है। इतना ही नहीं पन्नू ने कपिल शर्मा से उनका पैसा वापस हिंदुस्तान वापस ले जाने को भी कहा है।
गुरपतवंत सिंह पन्नू को भारतीय गृह मंत्रालय ने 2019 में आतंकी घोषित किया था। पन्नू ने वीडियो मैसेज जारी कर कपिल शर्मा पर कनाडा में बिजनेस करने के बहाने हिंदुत्व विचारधारा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा कि कनाडा ऐसे विचारों को अपनी धरती पर पनपने नहीं देगा।
9 जुलाई को रेस्टोरेंट पर हुई थी फायरिंग
पन्नू की ये धमकी ऐसे वक्त पर आई, जब तीन पहले यानी 9 जुलाई को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में कपिल शर्मा के 'कैप्स कैफे' पर हमला हुआ था। शर्मा के कैफे पर कई राउंड फायरिंग की गई थी। हालांकि, इस हमले में किसी को कोई चोट नहीं पहुंची है। ये कैफे 4 जुलाई को ही खोला गया है। बब्बर खालसा इंटरनेशनल के हरजीत सिंह लाडी और तूफान सिंह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
बब्बर खालसा इंटरनेशनल को कनाडा सरकार ने भी आतंकी संगठन घोषित किया है। वहीं, लाडी को नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल किया है।
पन्नू के खिलाफ 104 मामले दर्ज
गृह मंत्रालय ने राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों की वजह से SFJ को UAPA के तहत एक प्रतिबंधित संगठन घोषित किया है। संगठन को देश की आंतरिक सुरक्षा और अखंडता के लिए खतरनाक बताया गया है। मंत्रालय के मुताबिक, SFJ पंजाब और अन्य जगहों पर राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में शामिल है और इसका इरादा भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को प्रभावित करना है।
SFJ का आतंकी संगठनों से कनेक्शन है। यह संगठन भारत में लोकतांत्रित रूप से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने के प्रयासों समेत अलगाववादी गतिविधियों के लिए फंडिंग भी देता है। SFJ के खिलाफ कई मामलों में NIA जांच कर रही है। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरपतवंत पन्नू के खिलाफ कुल 104 मामले दर्ज हैं। इनकी जांच या तो NIA या राज्यों की पुलिस कर रही है।

