कर्नाटक में मूवी टिकट के दाम 200 रुपए तय: प्रीमियम सिनेमा हॉल पर नियम लागू नहीं; जुलाई में आया था पहला ड्राफ्ट
Published:
2 min read

एंटरटेनमेंट डेस्क. कर्नाटक सरकार ने राज्य के सभी थिएटर और मल्टीप्लेक्स में टिकट के दाम 200 रुपए तय कर दिए हैं। टैक्स के बिना टिकट की यह कीमत होगी। शुक्रवार को सरकार ने कहा कि यह फैसला लगातार बढ़ रहे टिकट के दाम को देखते हुए लिया गया।
यह फैसला कर्नाटक सिनेमा अमेनमेंट रूल, 2025 के तहत लिया गया है। इसके नए नोटिफिकेशन के मुताबिक, यह रूल सभी भाषा की फिल्मों पर लागू होगा। यानी चाहे फिल्म कन्नड़ हो या किसी और भाषा की, ऑडियंस को अब 200 रुपए से ज्यादा का टिकट नहीं खरीदना पड़ेगा।
हालांकि, सभी थिएटर इसमें शामिल नहीं हैं। 75 सीट्स या उससे कम सीट्स वाले मल्टी-स्क्रीन प्रीमियम सिनेमा हॉल इस रूल के अंदर नहीं आते। नोटिफिकेशन के मुताबिक, यह नियम स्टेट के ऑफिशियल गजट में पब्लिकेशन के दिन से लागू होगा।
इससे पहले जुलाई में लाया गया था नियम
इससे पहले जुलाई में राज्य सरकार ने कर्नाटक सिनेमा (कंट्रोल) एक्ट, 1964 और कर्नाटक एक्ट नंबर 23 ऑफ 1964 के तहत नए नियमों का ड्राफ्ट जारी किया था।
दरअसल, कर्नाटक फिल्म इंडस्ट्री लंबे समय से यह मांग कर रही थी- टिकट के दाम कम किए जाए। दाम ज्यादा होने से कन्नड़ फिल्मों को ज्यादा नुकसान उठाना पड़ता है। दूसरी भाषा की फिल्मों के ज्यादा कीमत में बिकने की वजह से रीजनल फिल्में दब जाती है।

