कौन है खालिस्तानी आतंकी हरजीत लाडी: कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के रेस्टोरेंट पर की फायरिंग, 10 लाख का है इनामी
Published:
3 min read

खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित KAP’S कैफे में फायरिंग हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, फायरिंग बुधवार देर रात ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में हुई। हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने ली है। उस पर NIA ने 10 लाख का इनाम घोषित किया है। कैफे की ओर से आधिकारिक बयान जारी कर कहा गया है कि ये दिल तोड़ने वाला है। लेकिन हम हार नहीं मानेंगे।
कनाडा की सरे पुलिस के मुताबिक, 10 जुलाई को सुबह 1.50 बजे पुलिस के पास कॉल आया था। उन्होंने अपने बिजनेस का नाम नहीं बताया था। सरे पुलिस कैफे की लोकेशन 120 स्ट्रीट ब्लॉक 8400 पर पहुंची। पुलिस ने कहा कि फायरिंग कैफे को टारगेट करके ही की गई थी। वहां मौजूद स्टाफ और कस्टमर सुरक्षित हैं। कैफे की संपत्ति को नुकसान हुआ है।
निहंगों पर कमेंट करने का आरोप
खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने हमले की जिम्मेदारी ली है। उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके कपिल शर्मा द्वारा निहंगों का मजाक बनाने का आरोप लगाया है।
हरजीत सिंह लाडी ने अपनी पोस्ट में लिखा- ‘कपिल शर्मा शो में एक कैरेक्टर ने निहंगों की ड्रेस और उनके व्यवहार पर मजाक किया। जिससे निहंग सिख की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। यह सिख धर्म की परंपराओं और निहंग सिखों की गरिमा का उपहास है। कॉमेडी की आड़ में किसी भी धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान का मजाक नहीं उड़ाया जा सकता। हमने कपिल शर्मा के मैनेजर को कई बार कॉल किया, लेकिन उनकी तरफ से कोई जबाव नहीं मिला। हमारे कॉल को अनदेखा किया गया। यदि कपिल शर्मा ने सबके सामने माफी नहीं मांगी, तो हम हमला करेंगे'।
कौन है हरजीत सिंह लाडी
हरजीत सिंह लाडी बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़ा है। NIA ने उसे मोस्ट वांटेड आतंकी घोषित किया गया है। उस पर 10 लाख का इनाम है। हरजीत सिंह लाडी जर्मनी में रहकर BKI को ऑपरेट करता है। हरजीत सिंह कई टारगेट किलिंग में शामिल रहा है। उस पर पंजाब में विश्व हिंदू परिषद के के नेता विकास बग्गा प्रभाकर की हत्या का आरोप भी है। विकास बग्गा को रूपनगर के नंगल में हलवाई की दुकान पर अप्रैल 2024 में गोली मार कर हत्या कर दी थी।
इस हत्या की साजिश पाकिस्तान में स्थित BKI प्रमुख वधावा सिंह बब्बर के निर्देश पर BKI कार्यकर्ताओं ने रची थी। लाडी के साथ कुलबीर सिंह सिद्धू ने हमले की प्लानिंग और अंजाम देने के लिए शूटर्स भी अरेंज किए थे। दोनों ने फंड और हथियार सप्लाई किए थे।
लाडी का नाम NIA की चार्जशीट में है और वह फरार है। वह विदेश में रहकर मॉड्यूल को हथियार और फाइनेंशियल सपोर्ट करता है जो भारत में टारगेट किलिंग को अंजाम देते हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) लगातार उसके नेटवर्क और आतंकी घटनाओं में इंवॉल्वमेंट की जांच कर रही है।

