कंगना बोलीं- सांसद का काम आसान नहीं: कहा गया था सिर्फ 60-70 दिन संसद में मौजूद रहना जरूरी...बाकी समय अपना काम कर सकती हूं
Published:
3 min read

कंगना रनौत को सांसद बने एक साल हो गया है। हाल ही में उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें नहीं पता था कि सांसद की जिम्मेदारी इतनी ज्यादा होती है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के इंटरव्यू में कंगना ने कहा, 'मुझे बताया गया था कि साल में सिर्फ 60-70 दिन संसद में उपस्थित होना होगा। मैं बाकी समय में अपना काम कर सकती हूं। मुझे यह शर्त ठीक लगी थी। लेकिन जब मैंने जिम्मेदारी संभाली तो पता चला कि यह काम बहुत ही ज्यादा डिमांडिंग है।'
कंगना ने आगे कहा, ‘लोग ऐसी समस्याएं लेकर आते हैं, जिन पर मेरा कोई सीधा कंट्रोल नहीं होता। मैं जानती हूं कि मैं सब कुछ नहीं कर सकती, लेकिन फिर भी लोगों से वादा कर देती हूं कि उनकी समस्याएं सुलझा दूंगी।’

कंगना ने कहा, ‘हम (सांसद) राज्य और केंद्र सरकार के बीच की कड़ी हैं। हम केंद्र से राज्य के लिए योजनाएं लाने और अपनी लोकसभा क्षेत्र की समस्याएं उठाने का काम करते हैं। मेरे पास न तो कोई कैबिनेट है और न ही कोई ब्यूरोक्रेटिक सिस्टम। मैं सिर्फ डिप्टी कमिश्नर से मिलकर हालात को समझ सकती हूं और फीडबैक दे सकती हूं।'
कंगना के बयान पर मंत्री ने मांगा इस्तीफा
कंगना के इस बयान पर हिमाचल प्रदेश के राजस्व और बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी नाराज नजर आए। उन्होंने कहा, ‘अगर कंगना रनौत अपनी सांसद की जिम्मेदारियों से खुश नहीं हैं, तो उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।’
दरअसल, कुछ समय पहले भी कंगना ने अपने पॉलिटिकल करियर को लेकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि वे अपना काम एंजॉय नहीं कर रही हैं। यूट्यूब चैनल ‘आत्मन इन रवि (AIR)’ के इंटरव्यू में उन्होंने कहा, 'मैं धीरे-धीरे सीख रही हूं। यह एकदम अलग तरह का काम है, जैसे कि सोशल सर्विस। मेरा बैकग्राउंड ऐसा नहीं रहा है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे लोगों की सेवा करनी है।' पढ़ें पूरी खबर…
'मैं सिर्फ एक सांसद, मेरे पास फंड नहीं'
कंगना हाल ही में बाढ़ से पीड़ित क्षेत्रों का दौरा करने गई थीं। इस दौरान उन्होंने कहा था कि उनके पास न तो कोई राहत फंड है और न ही कोई कैबिनेट पोस्ट। उनके इस बयान को लेकर विपक्ष ने निशाना साधा था। कंगना ने अपने इस बयान पर सफाई भी दी थी।
कंगना ने कहा था, ‘मैंने सिर्फ सच्चाई बताई कि मेरे पास क्या है और क्या नहीं। एक सांसद के तौर पर हमारा काम संसद में मुद्दे उठाना और फंड की मांग करना है। मेरी सीमाएं तय हैं, लेकिन मैं वादा करती हूं कि हमारी पार्टी जनता की जरूरतों को पूरा करेगी।’ पढ़ें पूरी खबर...

हॉलीवुड में डेब्यू करेंगी!
कंगना के एक्टिंग करियर की बात करें तो वे आखिरी बार फिल्म इमरजेंसी (2025) में नजर आई थीं। खबरें हैं कि वे जल्द ही हॉलीवुड में डेब्यू करने वाली हैं। Variety की रिपोर्ट के मुताबिक, वे हॉरर फिल्म ‘ब्लेस्ड टू बी द ईविल’ में दिखाई देंगी। फिल्म की शूटिंग इसी साल न्यूयॉर्क में शुरू हो सकती है।

