MP में 6 साल की बच्ची को कुत्तों ने नोंचा: दुकान से साबुन लेकर घर लौट रही थी, सिर-हाथ और पैर पर गहरे घाव
Published:
2 min read

6 साल की मासूम कविता पर स्ट्रीट डॉग्स ने झुंड में आकर किया हमला
MP-CG डेस्क. जबलपुर में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन डॉग बाइट के मामले सामने आ रहे हैं। गुरुवार सुबह पाटन क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जहां 6 साल की मासूम कविता पर स्ट्रीट डॉग्स ने झुंड बनाकर हमला कर दिया।
दुकान से लौटते वक्त घेर लिया
जानकारी के अनुसार, मासूम कविता पास की किराना दुकान से साबुन लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान अचानक आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया और हमला बोल दिया।
2 से 3 मिनट तक नोचते रहे कुत्ते
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुत्तों ने बच्ची को करीब 2 से 3 मिनट तक नोंचा और काटा। बच्ची दर्द से तड़पती रही। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने शोर मचाकर और पत्थर फेंककर कुत्तों को भगाया। इसके बावजूद एक कुत्ता बच्ची का पीछा करते हुए घर तक पहुंच गया।
गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर
घटना की जानकारी मिलते ही बच्ची की मां अहिल्या बाई मौके पर पहुंचीं। मकान मालिक धनीराम की मदद से बच्ची को तुरंत पाटन स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों का कहना है कि बच्ची के सिर, हाथ, पैर और कंधे पर गहरे घाव हैं। सिर की चोटें ज्यादा गंभीर बताई जा रही हैं।
शहर में 40 हजार से अधिक स्ट्रीट डॉग्स
हाल ही की रिपोर्ट के मुताबिक, शहर में 40 हजार से अधिक स्ट्रीट डॉग्स है। इस साल हर माह 2500 से अधिक डॉग बाइट की घटनाएं सामने आई हैं। कुछ महीने पहले ही रात से सुबह तक स्ट्रीट डॉग के आतंक से लोग भयभीत रहे। राह चलते लोगों पर हमला कर स्ट्रीट डॉग ने 12 लोगों को लहूलुहान कर दिया था। कुत्ते मवेशियों पर लगातार हमले कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि स्ट्रीट डॉग की आबादी पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाना ही समाधान है अन्यथा लगातार आंकड़ों में वृद्धि होती रहेगी।
रिपोर्ट- देव्यांशु विश्वकर्मा

