DGCA की रिपोर्ट में खुलासा: 5 साल में हर महीने एक विमान का इंजन बंद, सिंगल इंजन से लैंडिग पर मजबूरी
Published:
3 min read

भारत में पिछले 5 साल में 65 फ्लाइट के इंजन बंद हुए हैं।
भारत में पिछले 5 साल में 65 फ्लाइट के इंजन बंद हुए हैं। यह जानकारी DGCA (डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) से RTI के तहत मिली है। हालांकि इसमें 12 जून को अहमदाबाद में प्लेन क्रैश हादसा शामिल नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 17 महीनों में 11 बार पायलट ने Mayday-Mayday कॉल की है। विमान के इंजन बंद होने की घटनाएं प्लेन के टेकऑफ और हवा में रहने के दौरान हुई हैं। इससे पता चलता है कि हर महीने किसी एक विमान का इंजन फेल हुआ है।
एक जैसी घटनाएं बार-बार हुईं
एयर इंडिया के बोइंग ड्रीमलाइनर विमान हादसे की जांच कर रही एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इंवेस्टीगेशन ब्यूरो (AAIB) ने शुरुआती जांच में फ्यूल स्विच कटऑफ के बाद दोनों इंजन बंद होने से क्रैश होने की बात कही है। RTI के तहत मांगी गई जानकारी में DGCA ने कहा कि भारत में 2020 से 2025 के दौरान 65 विमानों का इंजन हवा में या फिर टेकऑफ के समय बंद हुआ था।
65 विमानों को पायलट ने एक ही इंजन से नजदीकी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया। इन विमानों के इंजन फ्यूल संबंधी दिक्कतों और मेकेनिकल गड़बड़ी के कारण बंद हुए थे। पायलट कई बार इस तरह अचानक इंजन बंद होने की घटनाओं को संभाल लेते हैं। लेकिन एक्सपर्ट कहते है कि पायलट हर बार इस तरह की घटनाएं मैनेज नहीं कर पाते। जिससे कई गंभीर हादसे देखने को मिलते हैं।
इंजन फेल होने के पीछे टेक्निकल कारण
फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट के प्रेसीडेंट कैप्टन सीएस रंधावा ने कहा कि विमान का इंजन बंद होने की पहली वजह ब्लॉक फ्यूल फिल्टर्स, फ्यूल में पानी मिलना, इंजन में फ्यूल सप्लाई में रुकावट और इंजन में बाहरी वस्तु फंसना जैसे कारण हो सकते हैं। जिससे फ्लाइट का ऑपरेशन रोकना पड़ सकता है। DGCA ने सभी एयरलाइंस को 21 जुलाई तक सभी बोइंग विमानों के फ्यूल स्विच लॉक की जांच के आदेश दिए हैं। एक्सपर्ट का कहना है कि विमान में ऐसी समस्याएं आसमान्य हैं, लेकिन भारत में ऐसे घटनाएं होना गंभीर हैं।
ज्यादातार Mayday कॉल्स टेक्निकल ग्लिच
1 जनवरी 2024 से 31 मई 2025 तक भारतीय एयरस्पेस में पायलट ने 11 Mayday कॉल की हैं। इनमें तकनीकी समस्याएं भी शामिल हैं, जिसके चलते इमरजेंसी लैंडिग कराई गई। 4 फ्लाइट हैदराबाद एयरपोर्ट पर लैंड हुई हैं। इस डेटा में इंडिगो की फ्लाइट शामिल नहीं है, जो 19 जून को गुवाहाटी से चैन्नई जा रही थी, लो फ्यूल की शिकायत की वजह से बेंगलुरु में इमरजेंसी लैंडिग करानी पड़ी।

