कंगना बोलीं- मैं सिर्फ एक सांसद, मेरे पास फंड नहीं : कांग्रेस ने साधा निशाना; अब जवाब में कहा- मैंने सच बोला..मेरे पास कैबिनेट पोस्ट नहीं
Published:
3 min read

मंडी में 30 जून से भारी बारिश और बादल फटने की वजह से बाढ़ आ गई थी। इस तबाही में भारी जान-माल का नुकसान हुआ है।
एक्ट्रेस और हिमाचल प्रदेश की मंडी से सांसद कंगना रनौत हाल ही में बाढ़ से पीड़ित क्षेत्रों का दौरा करने गई थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि उनके पास न तो कोई राहत फंड है और न ही कोई कैबिनेट पोस्ट। उनके इस बयान को लेकर विपक्ष ने निशाना साधा था। अब कंगना ने अपने इस बयान पर सफाई दी है।
कंगना ने कहा, ‘मैंने सिर्फ सच्चाई बताई कि मेरे पास क्या है और क्या नहीं। एक सांसद के तौर पर हमारा काम संसद में मुद्दे उठाना और फंड की मांग करना है। मेरी सीमाएं तय हैं, लेकिन मैं वादा करती हूं कि हमारी पार्टी जनता की जरूरतों को पूरा करेगी।’

दरअसल, मंडी जिले में 30 जून से भारी बारिश और बादल फटने की वजह से बाढ़ आ गई थी। इस तबाही से अब तक यहां 14 लोगों की मौत हो चुकी है और 31 लोग लापता हैं। करोड़ों रुपए का नुकसान भी हुआ है।
केंद्र से स्पेशल पैकेज की मांग करेंगी कंगना
इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में कंगना ने कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हिमाचल प्रदेश के लिए स्पेशल राहत पैकेज की मांग करूंगी। भारी बारिश और बादल फटने की वजह से जो नुकसान हुआ है, उसके लिए आर्थिक मदद लाना ही मेरे लिए जरूरी है।
ANI को दिए दूसरे इंटरव्यू में कंगना ने कहा, ‘मेरे पास कोई कैबिनेट पद नहीं है, न ही आपदा राहत के लिए कोई फंड। सांसद का काम संसद तक सीमित होता है। हम इस पूरे प्रोसेस में बहुत छोटे हिस्से हैं। लेकिन मैं केंद्र से फंड लाने की पूरी कोशिश करूंगी।’
कांग्रेस पर पलटवार किया, गंभीर आरोप लगाए
कंगना ने कांग्रेस द्वारा उनके बयान का मजाक उड़ाने पर पलटवार भी किया। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस ने मेरी दो लाइन पकड़ ली और उस पर राजनीति करने लगी। सवाल तो ये उठना चाहिए कि वो खुद फंड का इस्तेमाल कहां कर रही है। मैं जनता से मिलने में देर नहीं कर रही, मैं सभी के लिए मौजूद हूं।
साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर और भी कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष की तरफ से न तो आपदा में मारे गए लोगों को राहत पहुंचाई है और न ही किसी तरह की कोई अन्य मदद की गई है।
विपक्ष ने कंगना पर साधा था निशाना
दरअसल, कांग्रेस ने कंगना के बयान पर निशाना साधते हुए लिखा था, 'हिमाचल प्रदेश के मंडी में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। लोग परेशान हैं, उनका सब कुछ उजड़ गया है। मंडी की सांसद कंगना कई दिन बाद वहां पहुंचीं और हंसते हुए कहा- 'मैं क्या कर सकती हूं, मेरे पास कैबिनेट तो है नहीं' कुछ तो संवेदना दिखाइए कंगना जी।'

महिला ने कहा- फोटो खिंचाने आई हो?
बाढ़ पीड़ित इलाकों में देर से पहुंचने को लेकर कंगना को काफी ट्रोल किया गया। रविवार को जब कंगना वहां पहुंची, तो एक महिला उन पर भड़क गई। उसने कंगना से कहा, 'अब सिर्फ फोटो खिंचाने आई हो क्या। ऐसा थोड़ी होता है कि 2 आदमी पकड़ो, फोटो खिंचाओ और चलते बनो।'


