समोसे-जलेबी पर Warning Sign नहीं होगा: PIB ने कहा- ये फेक न्यूज, हेल्थ मिनिस्ट्री ने ऐसा कोई ऑर्डर जारी नहीं किया
Published:
2 min read

समोसे और जलेबी पर किसी तरह का Warning Sign नहीं होगा। पीआईबी फैक्ट चेक ने उन सभी मीडिया रिपोर्ट्स को फेक बताया है, जिनमें दावा किया गया था कि समोसे और जलेबी जैसे स्नैक्स पर सिगरेट की तरह चेतावनी लिखनी होगी। PIB की ओर से कहा गया है कि हेल्थ मंत्रालय ने ऐसा कोई निर्देश जारी नहीं किया, जिसमें भारतीय स्नैक्स पर हेल्थ वॉर्निंग लगाने को कहा गया है।
PIB फैक्ट चेक के X हैंडल पर पोस्ट डाली गई है। इसमें कहा गया है कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जलेबी-समोसे और लड्डू जैसे भारतीय स्नैक्स पर हेल्थ वॉर्निंग लिखने का निर्देश दिया है। यह दावा गलत है। मंत्रालय की ओर से ऐसा कोई निर्देश जारी नहीं किया गया, जिसमें भारतीय स्नैक्स पर वेंडर द्वारा वॉर्निंग लगाने को कहा गया हो।
क्या है मामला
दरअसल, सोमवार (14 जुलाई) को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी सरकारी संस्थानों को निर्देश दिया है कि कैफेटेरिया और सार्वजनिक जगहों पर 'ऑयल और शुगर बोर्ड' लगाएं। इन पोस्टर में बताया जाए कि आम तौर पर भारत में खाए जाने वाले स्नैक्स में कितना फैट, ऑयल और शुगर है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि ये कदम चर्चित स्नैक्स में छिपी कैलोरी की मात्रा के प्रति लोगों को सजग करने के लिए है।
'आदेश किसी खास फूड के लिए नहीं'
PIB फैक्ट चेक की पोस्ट में बताया गया है कि स्वास्थ्य मंत्रालय का निर्देश किसी खास फूड प्रोडक्ट के लिए नहीं था। बल्कि यह लोगों के लिए सामान्य सलाह थी, ताकि सभी खाद्य उत्पादों में छिपे फैट और एक्स्ट्रा शुगर को लेकर जागरूक हों। यह सलाह वर्कप्लेस पर हेल्थी ऑप्शन अपनाने के लिए जागरूक करेगी, ताकि लोग अतिरिक्त तेल और चीनी का सेवन कम करके स्वस्थ आहार और जीवनशैली अपनाएं। यह भारत की समृद्ध स्ट्रीट फूड कल्चर को टारगेट नहीं करती है।

