सिंगर फाजिलपुरिया पर कातिलाना हमले में शामिल 5 शूटर्स अरेस्ट: एनकाउंटर में चार को पैर में लगी गोली, एक को दौड़ा कर पकड़ा
Published:
2 min read

एंटरटेनमेंट डेस्क: हरियाणा पुलिस ने मंगलवार को पांच शूटर्स काे अरेस्ट किया। गुरुग्राम पुलिस ने देर रात एनकाउंटर के बाद पांचों को गिरफ्तार किया। रिपोर्ट्स की मानें, तो ये शूटर्स सिंगर राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया की हत्या करने की प्लानिंग कर रहे थे। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और क्राइम ब्रांच ने यह एनकाउंटर किया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरी प्लानिंग के पीछे गैंगस्टर दीपक नांदल और रोहित सिर्धानिया है। पांचों शूटर्स बिना नंबर प्लेट की इनोवा कार से वजीरपुर पहुंचे थे। पुलिस को पहले से ही उनके मूवमेंट की जानकारी मिल गई थी। जैसे ही पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, शूटर्स ने गोलियां चलानी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में चार शूटर्स के पैरों में गोली लगी। वहीं, भागने की कोशिश कर रहे पांचवें शूटर को पुलिस ने पीछा करने के बाद पकड़ लिया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान विनोद पहलवान (झज्जर), पदम उर्फ राजा (सोनीपत), शुभम, गौतम और आशीष के रूप में हुई है। घायल शूटराें को गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके पास से हथियार भी बरामद किए हैं।
पहले भी हो चुका हमला
बता दें कि इससे पहले भी, 14 जुलाई को सिंगर पर जानलेवा हमला हुआ था। हाईवे पर गाड़ी ड्राइव करते वक्त कुछ लोगों ने उन पर दो राउंड फायरिंग की। हालांकि, सिंगर की जान बच गई थी। शूटर्स का निशाना मिस हो गया और गोली एक पोल में जा लगी।
वहीं, हमले के बारे में बात करते हुए फाजिलपुरिया ने NDTV से कहा- मुझपर अचानक हमला हो गया। पहले मुझे लगा कि शायद फैन हैं, लेकिन तभी दो गोलियां चलीं। मैंने तुरंत गाड़ी रिवर्स की, तभी मेरी जान बची।
पहले हुए एनकाउंटर में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि वह लंबे समय से राहुल यादव पर नजर रख रहा था।

