पिता ने की टेनिस प्लेयर राधिका की हत्या: बोला- लोग ताने मारते थे..बेटी की कमाई खाता है; एकेडमी खोलने से भी नाराज था
Published:
3 min read

राधिका नेशनल लेवल की प्लेयर हैं।
हरियाणा के गुरुग्राम में रहने वाली 25 साल की टेनिस प्लेयर राधिका यादव की हत्या उसी के पिता ने कर दी। पिता दीपक यादव ने गुनाह कबूल कर लिया। दीपक ने बताया कि लोग उसे ताने मारते थे कि वह बेटी की कमाई खाता है इसलिए मार डाला।
पुलिस के अनुसार, दीपक ने अपनी बेटी से कई बार टेनिस एकेडमी बंद करने को भी कहा था। दीपक वजीराबाद का मूल निवासी है। दीपक ने कबूला की राधिका करीब सुबह 10:30 जब रसोई में खाना बना रही थी तब उसकी पीठ पर 3 बार गोली मारी। राधिका के चाचा कुलदीप यादव उसी बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं। जैसे ही उन्होंने गोली की आवाज सुनी वे तुरंत दीपक के फ्लैट पर पहुंचे। वहां उन्होंने खून में लथपथ राधिका को देखा। रिवाल्वर ड्राइंग रूम में पड़ी थी। इसके बाद राधिका को कार से सेक्टर 56 के मारेंगो हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

म्यूजिक वीडियो बना तनाव की वजह
दीपक पूर्व बैंक कर्मचारी था। जब बेटी ने सेक्टर 57 में खुद की टेनिस एकेडमी खोली उसके बाद पिता को दिक्कत होने लगी। दीपक परेशान था कि उसकी बेटी अब इंडिपेंडेंट है। आर्थिक तौर पर भी स्वतंत्र है। राधिका का समाज में कद और नाम बढ़ रहा है। पिता को लगातार ताने मिलते थे जिसे लेकर दीपक अपनी बेटी को समझा चुका था। लेकिन राधिका दीपक की बिलकुल नहीं सुन रही थी, जिसकी वजह से दीपक और उसकी बेटी के बीच आए दिन झगड़ा होता रहता था। पुलिस की मानें तो राधिका हाल ही में एक म्यूजिक वीडियो में आई थी जिसके बाद से घर का माहौल खराब चल रहा था।
करीब एक साल पहले एक म्यूजिक वीडियो रिलीज हुआ जिसका नाम है कारवां। इस वीडियो को एक इंडिपेंडेंट कलाकार इनाम ने जीशान अहमद के साथ मिलकर बनाया था, जोकि LLF रिकॉर्ड के लेबल पर रिलीज हुआ था। इस वीडियो में राधिका कई सीन में इनाम के साथ दिख रही है। दीपक ने वीडियो देखने के बाद इस पर नाराजगी जताई थी और राधिका को कहा था कि इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया से हटा ले।
गांव वाले ताना मारते थे- बेटी की कमाई खाता है
एक मैच के दौरान राधिका को कंधे में चोट लगा थी उसके बाद राधिका को अपना टेनिस करियर रोकना पड़ा था। लेकिन राधिका ने इसके बाद टेनिस सिखाने का फैसला किया और युवा खिलाड़ियों को टेनिस सिखाने लगी। गांव में बेटी पर निर्भर रहने को लेकर दीपक ने बातें सुनीं, जिससे वह परेशान रहने लगा। इसके बाद दीपक राधिका के काम करने का विरोध करने लगा।

