गुजरात- वडोदरा में नदी पर बना पुल टूटा: 5 गाड़ियां नदी में गिरीं, 11 लोगों की मौत
Published:
2 min read

फोटो-सिंबोलिक
गुजरात के वडोदरा के महिसागर नदी पर बना पुल टूट गया। इसमें 11 लोगों के निधन की खबर आई है। 5 गाड़ियां नदी में गिर गईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुल टूटने से दो ट्रक और दो वैन सीधे नदी में गिर गईं। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। आधा दर्जन लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। यह पुल वडोदरा और आणंद जिले को जोड़ता था। यह काफी व्यस्त ब्रिज था। हादसे के बाद इसपर आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है।
गुजरात CM ने जांच के आदेश दिए
इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने चीफ इंजीनियर, पुल डिजाइन टीम और एक्सपर्ट्स को तुरंत मौके पर भेजा। उन्होंने सभी से कहा कि वे वहां जाकर जांच करें और जल्द से जल्द पूरी रिपोर्ट दें।

फोटो क्रेडिट- ANI
'तेज आवाज सुनाई दी, एक के बाद एक वाहन नदी में गिरने लगे'
चश्मदीदों ने बताया कि पुल टूटने की तेज आवाज सुनाई दी थी। इसके बाद नदी में एक के बाद एक कर कई वाहन गिर गए। हादसे के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड टीम, स्थानीय पुलिस और वडोदरा जिला प्रशासन के लोग पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। रेस्क्यू में स्थानीय लोगों ने भी मदद की। नदी से निकाले गए लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने पुल के आस-पास बैरिकेडिंग कर दी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल को लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत की गई थी। लेकिन, इस पर कोई एक्शन नहीं लिया गया। कांग्रेस नेता अमित चावड़ा ने X पर लिखा, 'आणंद और वडोदरा जिलों को जोड़ने वाला मुख्य गंभीरा पुल ढह गया है। कई वाहन नदी में गिर गए हैं और बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की आशंका है। प्रशासन को तुरंत बचाव अभियान चलाना चाहिए और यातायात के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करनी चाहिए।'

