PNB बैंक में ₹35 करोड़ गायब होने का आरोप: न ट्रांजेक्शन का मैसेज, न अलर्ट; ग्रेटर नोएडा में ग्राहकों का प्रदर्शन
Published:
3 min read

किसानों के पैसे गायब होने पर किसान यूनियन के कई नेता बैंक पहुंचे। उन्होंने कस्टमर के साथ मिलकर बैंक के बाहर प्रदर्शन किया।
नेशनल डेस्क. ग्रेटर नोएडा की PNB ऐच्छर ब्रांच में सेविंग्स अकाउंट और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) से करीब 35 करोड़ रुपए गायब होने का आरोप है। ग्राहकों के प्रदर्शन के बाद ब्रांच मैनेजर समेत कई कर्मचारी सस्पेंड कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कई कस्टमर के अकाउंट खाली हो गए हैं। ग्राहकों का कहना है कि उन्हें न तो ट्रांजेक्शन का मैसेज और न अन्य कोई अलर्ट। उन्होंने बैंक बैलेंस चेक किया, तो इस फ्रॉड के बारे में पता चला।
बुधवार को कई कस्टमर्स ब्रांच के बाहर इक्ट्ठा हुए। उन्होंने पैसे गायब होने पर बैंक से जवाब मांगा है। किसान यूनियन के नेताओं ने बैंक ग्राहकों के साथ धरना दिया।
कई किसानों के खातों से रुपए गायब
हनीफ नाम के कस्टमर ने कहा- उनकी बिना अनुमति के बैंक अकाउंट से पैसे कैसे गायब हो सकते हैं। उन्होंने कहा- मेरे सेविंग अकाउंट में 39 लाख जमा था। अब अकाउंट खाली हो गया है। मेरे पास कोई मैसेज तक नहीं आया। मैंने कोई भी डॉक्युमेंट साइन नहीं किया, न ही कहीं और पैसे ट्रांसफर किए।
उन किसानों के भी रुपए गायब हुए हैं जिन्हें जमीन अधिग्रहण का पैसा मिला था। किसान विजेंद्र सिंह ने कहा- उनके बैंक अकाउंट में 88 लाख रुपए जमा था। अब उनके अकाउंट में सिर्फ 1 लाख रुपए बचे हैं। सिंह को जमीन अधिग्रहण से मुआवजा मिला था।
समोसा बेचने वाली महिला के खाते से 1.18 गायब
60 वर्ष की समोसा बेचने वाली महिला संतोष ने बताया कि जेवर एयरपोर्ट से जमीन अधिग्रहण के बदले 1.29 करोड़ रुपए मिले थे। अब 1.18 करोड़ गायब हैं। उन्होंने कहा- यह उनकी पूरी जिंदगी भर की कमाई थी।
संजय नाम के ग्राहक ने बताया कि उनके 10 लाख रुपए की FD थी। बेटी के इलाज करवाने के लिए 1 लाख रुपए की जरुरत थी। वह पैसे निकालने के लिए आए थे। अब वह बेटी का इलाज कैसे करवाएंगे।
सेविंग्स अकाउंट और FD में फ्रॉड
जाकिर नाम के एक और कस्टमर ने आरोप लगाया है कि उसके खाते से 9.5 लाख रुपए गायब हैं। उसे पैसे निकलने का कोई मैसेज नहीं मिला। जब वह ब्रांच पहुंचा, तब उसे इस फ्रॉड के बारे में पता चला। आरोप है कि सेविंग्स अकाउंट और फिक्सड डिपॉजिट से पैसे गायब हैं। ग्राहकों का कहना है कि बैंक बैलेंस अचानक से कम हुआ है। वहीं कुछ का कहना है कि उनके अकाउंट में पैसे दिखाई नहीं दे रहे हैं। उनका पैसा कहां गया अभी भी इसका पता नहीं चल पा रहा है।
यह खबर भी पढ़ें; एक क्लिक और बैंक अकाउंट खाली: सोशल मीडिया पर एडल्ट ऐप्स के जरिए नया साइबर फ्रॉड हो रहा, जानें इससे बचने के लिए क्या करें
बैंक के कई कर्मचारी सस्पेंड
शिकायत के बाद PNB मैनेजमेंट ने कई कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। इनमें ब्रांच मैनेजर भी शामिल है। बीटा-2 पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, जांच की जा रही है। बैंक मैनेजमेंट ने भरोसा दिया है कि वह ग्राहकों की शिकायत की इंटरनल जांच करेगा।

