तमिलनाडु: शिवकाशी की पटाखा फैक्ट्री में धमाका: 5 की मौत; हादसे के वक्त 100 मजदूर काम कर रहे थे
Published:
2 min read

फोटो- सिंबोलिक
तमिलनाडु के शिवकाशी की एक पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार सुबह भयंकर धमाका हुआ। अब तक 5 लोगों के मारे जाने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केमिकल्स के मिलने की वजह से आग लग गई। इससे पूरी फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ।
धमाके के वक्त फैक्ट्री में लगभग 100 मजदूर और कर्मचारी काम कर रहे थे। घायलों का इलाज जारी है। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनी गई। फैक्ट्री से एक धुएं का गुबार भी उठता दिखा था। अभी एक दिन पहले यानी सोमवार को तेलंगाना की केमिकल फैक्ट्री में विस्फोट हो गया था। इसमें 42 लोगों की मौत हो गई।
देश के 80% पटाखे शिवकाशी में बनते हैं
शिवकाशी पूरे भारत में पटाखा इंडस्ट्री के लिए मशहूर है। देश के लगभग 80% पटाखे और आतिशबाजी का सामान यही बनता है।
2023 में इस इंडस्ट्री को शुरू हुए 100 साल हो गए। मई 2025 में शिवकाशी की पटाखा इंडस्ट्री को अलग पहचान दिलाने के लिए यहां के कारीगरों ने जियोग्राफिकल इंडिकेशन' (GI टैग) के लिए आवेदन किया है। यह टैग मांगने का काम तमिलनाडु फायरवर्क्स एंड अमोर्सेस मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (TANFAMA) ने किया है, ताकि यहां के पटाखों को खास दर्जा मिल सके।

