कर्नाटक-CM की कुर्सी के लिए जारी घमासान पर बोले शिवकुमार : उम्मीद रखना गलत तो नहीं..जनता की भी इच्छाएं होती हैं
Published:
2 min read

डीके शिवकुमार कर्नाटक के डिप्टी सीएम हैं।
कर्नाटक के डिप्टी CM डीके शिवकुमार ने सोमवार को कहा कि लोग चाहते हैं कि वे राज्य का नेतृत्व करें। इसमें कुछ भी गलत नहीं है।
डीके शिवकुमार ने इससे पहले कहा था कि कर्नाटक कांग्रेस में कोई खींचतान नहीं है। सिद्धारमैया के CM बने रहने से उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, उन्होंने अप्रत्यक्ष तौर पर फिर से अपनी इच्छा जता दी है।
‘उम्मीद रखना गलत नहीं होता’
डीके शिवकुमार ने कहा, ‘पार्टी कार्यकर्ता और जनता की इच्छाएं अलग होती हैं। किसी चीज की उम्मीद रखना गलत नहीं होता। हमने इस पार्टी को मजबूती से खड़ा किया है। हम अनुशानप्रिय लोग हैं। हम वही फॉलो करते हैं, जो पार्टी कहती है। सिद्धारमैया भी कितनी बार ये बात कह चुके हैं।’
सिद्धारमैया के सपोर्ट में थे शिवकुमार
कुछ दिन पहले सिद्धारमैया से सवाल हुआ कि क्या वे 5 साल का टर्म कंप्लीट कर पाएंगे। जवाब में उन्होंने कहा था, ‘हां, मैं 5 साल के लिए इस पर पद पर हूं। आपको किसी तरीके का शक है क्या।’ सिद्धारमैया के इस स्टेटमेंट पर शिवकुमार ने कहा था, ‘हमारे पास विकल्प ही क्या है। हम (सिद्धारमैया) के साथ खड़े हैं। मुझे कोई आपत्ति नहीं है। पार्टी हाईकमान जो भी कहेगी, उसका पालन करेंगे।’
ढाई साल के फॉर्मूले पर बनी थी बात
कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद के लिए पिछले कुछ दिन से काफी चर्चाएं हो रही हैं। डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के समर्थक उन्हें सीएम की कुर्सी पर देखना चाहते हैं। वहीं, सिद्धारमैया कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं हैं। कहा जाता है कि 2023 में जब यहां कांग्रेस की सरकार बनी तो ढाई-ढाई साल का फॉर्मूला बनाया गया। मतलब पहले ढाई सिद्धारमैया फिर डीके शिवकुमार CM बनते। अब सरकार को ढाई साल होने को हैं। इसी वजह से शिवकुमार के समर्थक काफी ज्यादा मुखर हो गए हैं।

