दिल्ली में यमुना नदी से स्टूडेंट का शव मिला: DU की छात्रा 6 दिन से थी लापता, दोस्त को स्टेशन ड्रॉप करने का कहकर घर से निकली थी
Published:
2 min read

स्नेहा देवनाथ (फाइल फोटो)
दिल्ली यूनिवर्सिटी की स्टूडेंट का शव यमुना नदी में मिला है। त्रिपुरा की रहने वाली स्नेहा देवनाथ 7 जुलाई से लापता थीं। स्नेहा दिल्ली यूनिवर्सिटी के आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज से बीएससी कर रही थीं।
पुलिस के मुताबिक, स्नेहा 7 जुलाई को अपनी मां पिंकी देवनाथ को ये कहकर निकली थीं कि वे अपनी दोस्त पिटूनिया को सेंट्रल दिल्ली के सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन ड्रॉप करने जा रही हैं। जब वे घर नहीं लौटीं तो उनकी बड़ी बहन बिपाशा ने लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।
स्नेहा का फोन हुआ ऑफ, फ्रेंड से भी नहीं मिली
बिपाशा ने बताया कि स्नेहा सुबह करीब 5.15 बजे कैब से घर से निकलीं। सुभे चंद्रा नाम के ड्राइवर ने उन्हें पिक किया। स्नेहा जब काफी देर तक घर नहीं लौटीं तो उन्हें सुबह 8.45 बजे फोन किया गया। इस दौरान उनका फोन बंद आया। उसके बाद उसकी दोस्त से संपर्क किया गया तो उसने बताया कि उसकी स्नेहा से कोई मुलाकात नहीं हुई है। उसके बाद बिपाशा ने कैब ड्राइवर से संपर्क की, कैब ड्राइवर ने बताया कि स्नेहा को वजिराबाद के सिग्नेचर ब्रिज पर ड्रॉप किया था।

परिवार ने किडनैपिंग की जताई थी आशंका
बिपाशा ने आगे बताया कि जब परिवार ड्राइवर की बताई लोकशन पर पहुंचा तो स्नेहा का कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिवारवालों ने किडनैपिंग की आशंका जताई थी। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो अंतिम लोकेशन सिग्नेचर ब्रिज निकली। इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि सिग्नेचर ब्रिज पर लड़की को खड़ा देखा गया था।इसके बाद NDRF और लोकल पुलिस ने निगम बोध घाट से नोएडा तक यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 6 दिन बाद स्नेहा का शव यमुना नदी से बरामद हुआ।

