दिल्ली-848: 5 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी; तीन दिन में 10 बार आ चुके मेल
Published:
2 min read

दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी (फाइल फोटो)
दिल्ली में लगातार तीसरे दिन स्कूलों को धमकी भरे मेल मिले हैं। बुधवार को राजधानी के 5 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पिछले तीन दिन में 10 स्कूलों को ऐसी धमकी मिल चुकी है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि बुधवार को द्वारका के सेंट थॉमस स्कूल, वसंत कुंज के वसंत वैली स्कूल, हौज खास के मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, पश्चिम विहार के रिचमॉन्ड ग्लोबल स्कूल और लोधी स्टेट के सरदार पटेल विद्यालय को बम से उड़ाने की धमकी वाले मेल आए हैं।
कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला
धमकी मिलने के बाद स्कूलों को खाली कराया गया। जांच के लिए मौके पर बम स्कॉयड, डॉग स्कॉयड, फायर ब्रिगेड और स्पेशल स्टाफ की टीमें पहुंचीं। फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, तलाशी के दौरान स्कूलों में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
इन स्कूलों में भी मिल चुकी धमकी
पिछले तीन दिनों में 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। इससे पहले मंगलवार को दिल्ली के सेंट स्टीफेंस कॉलेज और सेंट थॉमस को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। सोमवार को दिल्ली के CRPF पब्लिक स्कूल और नेवी स्कूल को भी ऐसी ही धमकी मिली थी।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को भी उड़ाने की मिली थी धमकी
मंगलवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को बम से उड़ाने की भी धमकी मिली थी। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को एक धमकी भरा EMAIL मिला था। इसमें लिखा था कि टॉवर बिल्डिंग में चार RDX बम लगाए गए हैं। ये बम दोपहर 3 बजे फटेंगे। इसके बाद मौके पर बम स्क्वाड की टीम पहुंची। पुलिस ने पूरे एरिया की जांच की। वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस के मुताबिक, जिस Email से धमकी मिली, उसकी आईडी पर ‘कॉमरेड पिनराई विजयन’ लिखा हुआ था।

